सीतापुर में लाई-चना फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के विकासखंड रामपुर मथुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मीरानगर में स्थित लाई-चना बनाने की एक फैक्ट्री में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से मशीनों समेत करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम मीरानगर निवासी सोहनलाल की 'मोहन इंटरप्राइजेज' नामक फैक्ट्री में सुबह करीब 2:30 बजे आग लग गई। चौकीदार ने धुआं और लपटें देख तत्काल फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। 

सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को बुलाया। सिधौली, महमूदाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10 बजे आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखी मशीनें, चावल, लाई, चना तथा तैयार एवं कच्चा माल पूरी तरह जलकर राख हो गया।

फैक्ट्री मालिक सोहनलाल के अनुसार अग्निकांड में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।  

संबंधित समाचार