CSK vs MI: आईपीएल 2026 में राइवलरी का नया अध्याय, आखिरी उम्मीद बनाये रखने के लिए उतरेगी मुंबई इंडियंस, जानें खेल का समीकरण
चेन्नईः आईपीएल 2026 के 44वें मैच में एक बार फिर दो पुराने राइवल आमने-सामने होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) अपने घर में मुंबई इंडियंस (एमआई) का सामना करेगी और सीजन में दूसरी बार उन्हें हराने की कोशिश भी करेगी। इस सीजन आठ में से छह मैच गंवा चुकी मुंबई भी कोशिश करेगी कि अपने घर में मिली करारी हार का बदला चेपक में ले पाए। हालांकि, उनके लिए यह आसान नहीं होने वाला है। मुंबई के लिए यह मैच आखिरी उम्मीद बनाये रखने वाला मैच है जबकि एक जीत चेन्नई को प्लेऑफ की होड़ में बनाये रखेगी। चेन्नई के आठ मैचों में तीन जीत और छह अंक है और वह तालिका में छठे स्थान पर है।
बुमराह और बोल्ट लेंगे सीएसके की सलामी जोड़ी की परीक्षा जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट पावरप्ले में सीएसके की सलामी जोड़ी ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन को जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे। बोल्ट पहले ही दोनों को तीन-तीन बार आउट कर चुके हैं, जो उन्हें एक बड़ा ख़तरा बनाता है। गायकवाड़ ने बोल्ट के ख़िलाफ़ छह पारियों में सिर्फ़ 34 रन बनाए हैं और तीन बार आउट हुए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 110 है। जबकि बुमराह के ख़िलाफ़ गायकवाड़ ने चार पारियों में 29 रन बनाए हैं और एक बार भी आउट नहीं हुए और उनका स्ट्राइक रेट 153 रहा है।
वहीं सैमसन का रिकॉर्ड बुमराह के ख़िलाफ़ 14 पारियों में 84 रन और दो बार आउट हुए हैं जबकि उन्होंने 114 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। बोल्ट के ख़िलाफ़ आठ पारियों में उन्होंने 32 रन बनाए हैं और तीन बार आउट हुए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 119 का रहा है। मुंबई के मिडिल ऑर्डर के सामने स्पिनर्स की चुनौती मुंबई के मिडिल ऑर्डर सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या को नूर अहमद और अकील हुसैन जैसे स्पिनर्स के ख़िलाफ चुनौती का सामना करना होगा। सूर्यकुमार ने नूर के ख़िलाफ़ छह पारियों में 133 की स्ट्राइक रेट से 65 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए हैं, जबकि अकील के ख़िलाफ़ आठ पारियों में 114 की स्ट्राइक रेट से 64 रन बनाने के साथ ही वह दो बार आउट हुए हैं। तिलक ने अकील के ख़िलाफ़ पांच पारियों में केवल 87 की स्ट्राइक रेट से 20 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए हैं। हार्दिक ने सात पारियों में 25 रन बनाए हैं और आउट नहीं हुए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 81 ही रहा है।
गजनफर का मध्य ओवरों में असर
अल्लाह गजनफर इस सीजन में मुंबई के सबसे असरदार गेंदबाज़ रहे हैं और सीएसके के मिडिल ऑर्डर शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस और सरफराज ख़ान के ख़िलाफ अहम साबित हो सकते हैं। आईपीएल 2026 में स्पिन के ख़िलाफ़ दुबे दो बार आउट हुए हैं, औसत 18.5 और स्ट्राइक रेट 142 है। सरफ़राज चार बार आउट हुए हैं, औसत सिर्फ़ 9.8 और स्ट्राइक रेट 122 है, जबकि ब्रेविस दो बार आउट हुए हैं, औसत 22 और स्ट्राइक रेट 138 है। ग़जनफ़र ने इस सीज़न में अपने 71 प्रतिशत ओवर (ओवर 7 से 16 के बीच) डाले हैं, जिसमें उन्होंने छह विकेट लिए हैं, 9.3 की इकॉनमी और 15 की स्ट्राइक रेट के साथ।
हार्दिक का अलग-अलग रूप हार्दिक का इस सीज़न में प्रदर्शन थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जो उनके भारत के लिए खेले गए मैचों से अलग है। 2026 में आईपीएल से पहले टी20 में हार्दिक ने 165 की स्ट्राइक रेट से 286 रन बनाए थे, जिसमें 20 छक्के शामिल थे। लेकिन इस आईपीएल में उनके बल्ले से 152 की स्ट्राइक रेट से केवल 128 रन ही आए हैं और वह केवल चार छक्के ही लगा पाए हैं। गेंदबाज़ी में भी अंतर साफ़ दिखता है। आईपीएल से पहले 13 पारियों में 13 विकेट और 8.7 इकॉनमी थी, जबकि इस आईपीएल में सात पारियों में सिर्फ़ चार विकेट और 12.3 की महंगी इकॉनमी रही है।
