T20 World Cup 2026: भारत ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार जीता खिताब, कप्तान सूर्यकुमार बोले- 'बुमराह राष्ट्रीय धरोहर हैं और...'
अहमदाबादः नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। यह पुरुष क्रिकेट में लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी, घरेलू मैदान पर ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बनी और कुल तीन टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में अपनी टीम की शानदार प्रदर्शन की सराहना की और खास तौर पर जसप्रीत बुमराह को 'राष्ट्रीय धरोहर' करार दिया। सूर्यकुमार ने कहा, "बुमराह एक पीढ़ी में एक बार आने वाला गेंदबाज है। मैं उन्हें राष्ट्रीय धरोहर कह सकता हूं। उन्हें पता है कि विकेट कैसे लेने हैं, वह इस खेल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।"
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। सलामी जोड़ी संजू सैमसन (89 रन) और अभिषेक शर्मा (52 रन) ने पावरप्ले में धमाकेदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। इसके बाद टीम ने मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए और मैच में निर्णायक भूमिका निभाई। अक्षर पटेल ने भी 3 विकेट लेकर भारत की जीत को आसान बनाया।
सूर्यकुमार ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "यह जीत बहुत खास है। यह सफर 2024 विश्व कप के बाद शुरू हुआ था। जय शाह सर और रोहित भाई ने मुझ पर भरोसा जताया और कप्तानी का मौका दिया। टीम के लड़कों ने पिछले दो सालों में शानदार क्रिकेट खेला है। हमने 2024 की आदतों को जारी रखा और फाइनल में सबने कमाल किया।"
उन्होंने टीम के खिलाड़ियों की तारीफ की, "संजू, अभिषेक जैसे खिलाड़ी टॉप क्लास हैं। हमें पता था कि वे बड़ा योगदान देंगे और उन्होंने किया भी। टीम में हर किसी पर भरोसा था कि वे मैच जिता सकते हैं।"
