CBSC ने 12वीं गणित प्रश्नपत्र को बताया पूरी तरह से सुरक्षित, QR कोड को लेकर उठे सवालों के लिए जारी किया स्पष्टीकरण

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं की गणित परीक्षा को लेकर उठे विवाद पर आधिकारिक बयान जारी किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों के बीच बोर्ड ने साफ किया कि सभी प्रश्नपत्र पूरी तरह प्रामाणिक और सुरक्षित हैं, कोई लीक या सेंध नहीं लगी है।  

क्या था पूरा मामला?  

परीक्षा के बाद कुछ छात्रों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र पर छपे QR कोड को स्कैन करने पर आधिकारिक वेरिफिकेशन पेज की बजाय यूट्यूब पर रिक एस्टली का मशहूर गाना "Never Gonna Give You Up" (फेमस इंटरनेट प्रैंक 'रिक्रॉल') खुल रहा था। ये वीडियो और स्क्रीनशॉट्स तेजी से वायरल हुए, जिससे छात्रों-माता-पिता में अफवाहें फैल गईं कि पेपर लीक हो गया है या सुरक्षा में चूक हुई है।  

सीबीएसई ने जारी किया आधिकारिक जवाब  

बोर्ड ने पुष्टि की कि QR कोड प्रश्नपत्रों में कई सुरक्षा फीचर्स में से एक है, जिसका मकसद संदिग्ध स्थिति में पेपर की असलियत जांचना है। कुछ सेट्स (जैसे 65/3/1) में एक QR कोड स्कैन करने पर यूट्यूब वीडियो लिंक खुल रहा था। ये प्रिंटिंग एरर या तकनीकी गड़बड़ी थी, लेकिन इससे पेपर की प्रामाणिकता पर कोई असर नहीं पड़ा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा कि "प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं, सुरक्षा में कोई समझौता नहीं हुआ। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और भविष्य में ऐसी गलतियां रोकने के लिए मजबूत कदम उठाए जा रहे हैं।"  

छात्रों-अभिभावकों से की अपील  

सीबीएसई ने सभी से अफवाहों पर भरोसा न करने और सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट (cbse.gov.in) या जारी नोटिस पर विश्वास करने की सलाह दी है। परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित चल रही है।  
 

 

 

संबंधित समाचार