सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा,अब सामने आया BCCI का पहला रिएक्शन
नई दिल्लीः सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आईपीएल में लंबे समय से मजबूत टीम के रूप में जानी जाती है, लेकिन पिछले कुछ सीजन में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने सिर्फ एक बार ही आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है। SRH की मालिकाना कंपनी सन ग्रुप ने इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग 'द हंड्रेड' में भी टीम खरीदी है, जिसका नाम सनराइजर्स लीड्स है।
हाल ही में द हंड्रेड 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई, जिसमें सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के युवा लेग-स्पिनर अबरार अहमद को लगभग 2.34 करोड़ रुपये में खरीद लिया। यह पहली बार है जब किसी भारतीय स्वामित्व वाली टीम ने द हंड्रेड में पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन किया है। अबरार को ट्रेंट रॉकेट्स के साथ बिडिंग वॉर के बाद टीम ने अपने साथ जोड़ा।
इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर भारी हंगामा मच गया। कई यूजर्स ने SRH और उनकी को-ओनर काव्या मारन पर निशाना साधा, इसे राष्ट्रीय भावनाओं के खिलाफ बताया। कुछ ने SRH के खिलाफ बॉयकॉट की बातें कीं, जबकि सनराइजर्स लीड्स का ऑफिशियल X अकाउंट भी कुछ समय के लिए सस्पेंड हो गया। विरोध की वजह अबरार के कुछ पुराने बयानों से जुड़ी बताई जा रही है।
BCCI का साफ स्टैंड
इस विवाद पर BCCI के वाइस प्रेसिडेंट और सचिव राजीव शुक्ला ने पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ANI से बातचीत में कहा कि BCCI का दायरा सिर्फ आईपीएल तक सीमित है। द हंड्रेड जैसी विदेशी लीग में क्या होता है, उसमें BCCI दखल नहीं दे सकती। शुक्ला ने स्पष्ट किया, "यह फ्रेंचाइजी का फैसला है कि वे किसे साइन करती हैं। हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। आईपीएल में ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है, इसलिए हम सबसे कम चिंतित हैं।"
आईपीएल 2026 में क्या असर?
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है, जहां सनराइजर्स हैदराबाद का पहला मैच RCB के खिलाफ बेंगलुरु में होगा। अभी तक विवाद सिर्फ द हंड्रेड तक सीमित है, लेकिन सोशल मीडिया पर विरोध तेज है। आने वाले दिनों में देखना होगा कि यह मामला कितना बड़ा रूप लेता है और SRH पर क्या असर पड़ता है।
फिलहाल, BCCI ने साफ कर दिया है कि यह उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है, और फैसला फ्रेंचाइजी का है। क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब आगे के अपडेट्स पर टिकी है!
