नशीली कफ सिरप दिमाग पर डाल रही असर : डॉ. आरती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नशे के इलाज में उम्मीद की किरण बनी डॉ. आरती की टीम

बाराबंकी, अमृत विचार। जिला अस्पताल के ‘मनकक्ष’ में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मनोचिकित्सक डॉ. आरती यादव और उनकी टीम नशे की लत से जूझ रहे मरीजों के लिए आशा की किरण बनकर सामने आई है। साइकाइट्रिस्ट, साइकोलॉजिस्ट और सोशल वर्कर की संयुक्त टीम मानसिक रोगियों के साथ-साथ तंबाकू, अफीम, गांजा और भांग युक्त कफ सिरप जैसी नशीली आदतों से ग्रसित लोगों का समग्र इलाज कर रही है।

मनकक्ष में मरीजों की जांच से लेकर दवाइयों तक सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सक के अनुसार कई नाबालिग लड़के नशीली कफ सिरप का सेवन कर रहे हैं, जो कम दाम में आसानी से उपलब्ध हो रही है और युवाओं के बीच तेजी से नशे का माध्यम बन रही है। इसका सेवन दिमाग पर सीधा असर डालता है और अवसाद, चिड़चिड़ापन, आक्रामक व्यवहार तथा पढ़ाई से दूरी जैसी समस्याएं बढ़ा रहा है। 

डॉ. आरती यादव ने बताया कि नशा एक मानसिक रोग की तरह है, जिसका इलाज केवल दवाओं से नहीं बल्कि नियमित काउंसलिंग और पारिवारिक सहयोग से ही संभव है। मनकक्ष में मरीजों की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाता है और उनका नियमित फॉलोअप भी किया जाता है। टीम का उद्देश्य केवल दवा देना नहीं बल्कि मरीज को सामान्य जीवन में वापस लाना है।

संबंधित समाचार