ट्रंप का बड़ा दावा, जीवित हैं ईरानी सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई .... लेकिन शायद 'घायल'
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान के नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई जीवित तो हैं, लेकिन अमेरिका-इजरायल गठबंधन के साथ युद्ध के शुरुआती दिनों में वे संभवतः घायल हो गए थे। स्थानीय मीडिया फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में ट्रम्प ने कहा कि वे किसी न किसी रूप में जीवित जरूर हैं, लेकिन उनकी स्थिति 'जख्मी' होने की हो सकती है।
खामेनेई को पिछले रविवार को उनके पिता अली खामेनेई की मृत्यु के बाद नया सर्वोच्च नेता चुना गया था। अली खामेनेई युद्ध के शुरुआती हमलों में मारे गए थे। विशेष बात यह है कि मोजतबा ने अभी तक कोई सार्वजनिक या वीडियो उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। गुरुवार को उनका पहला आधिकारिक संदेश भी एक टीवी एंकर द्वारा पढ़कर सुनाया गया था।
अपने संदेश में उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की कसम खाई और अमेरिकी सैन्य अड्डों की मेजबानी करने वाले पड़ोसी देशों को हमले की चेतावनी दी। यह भीषण संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर हमले किए थे। जवाब में ईरान ने भी मिसाइल और ड्रोन से पलटवार किया है। दो हफ्तों से जारी इस युद्ध में अब तक सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं और वैश्विक तेल बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें :
भारत में बोतलबंद पानी पीना होगा महंगा, तेल गैस के बाद अब पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर पर असर, जानिए वजह
