अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस चौथी बार बने पिता, 150 साल बाद पदस्थ उपराष्ट्रपति के घर गूंजी किलकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

वॉशिंगटन। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस चौथी बार माता-पिता बने हैं। रविवार को उनके घर बेटे का जन्म हुआ, जिसका नाम एलेक नील वेंस रखा गया है। खास बात यह है कि 150 से अधिक वर्षों में पहली बार किसी पदस्थ अमेरिकी उपराष्ट्रपति के घर बच्चे का जन्म हुआ है।

जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर पत्नी उषा वेंस के साथ संयुक्त बयान जारी कर बेटे के जन्म की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, "हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारे घर एक बेटे का जन्म हुआ है, जिसका नाम एलेक नील वेंस रखा गया है। उषा और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और हमारे तीनों बच्चे अपने छोटे भाई के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।"

वेंस दंपति के पहले से तीन बच्चे हैं, जिनमें नौ वर्षीय इवान, छह वर्षीय विवेक और चार वर्षीय मिराबेल शामिल हैं। परिवार ने 'वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर' के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम का देखभाल और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

रिपब्लिकन नेता जेडी वेंस लंबे समय से अमेरिकी परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के पक्षधर रहे हैं। उनका बढ़ता परिवार उनके इसी सार्वजनिक दृष्टिकोण के अनुरूप माना जा रहा है।

'व्हाइट हाउस हिस्टोरिकल एसोसिएशन' के अनुसार, इससे पहले वर्ष 1870 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स और उनकी दूसरी पत्नी एलेन वेड के यहां बेटे शायलर कोलफैक्स तृतीय का जन्म हुआ था। इसके बाद पहली बार किसी पदस्थ अमेरिकी उपराष्ट्रपति के घर बच्चे का जन्म हुआ है।

ये भी पढ़ें : 
ब्रिटेन : एंडी बर्नहैम बने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री, ग्रेटर मैनचेस्टर के रह चुके मेयर

संबंधित समाचार