35 हजार से अधिक केंद्रों पर कल होगी उल्लास-नव भारत साक्षरता परीक्षा, 4.25 लाख प्रतिभागी होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : केंद्र के उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश में वयस्कों को साक्षर बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 15 आयु वर्ग के असाक्षरों के लिए द्वितीय चरण की साक्षरता परीक्षा 15 मार्च को प्रदेश के 35,140 साक्षरता परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें भारत सरकार के उल्लास पोर्टल पर शुक्रवार तक 4,25,600 असाक्षर पंजीकृत करा चुके हैं।

प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि साक्षरता योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत महिलाओं और 25 प्रतिशत पुरुष असाक्षरों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 10 लाख असाक्षरों को साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में दो चरणों में साक्षरता परीक्षा आयोजित की जाती है। इस वर्ष 21 सितंबर 2025 को संपन्न हुई प्रथम चरण की परीक्षा में कुल 1,43,946 चिन्हित असाक्षरों ने प्रतिभाग किया था। इनमें से 1,22,146 प्रतिभागी सफल रहे।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि निर्धारित साक्षरता परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के लिए सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

संबंधित समाचार