यात्रीगण कृपया ध्यान दें... जल्द शुरू होगा गोंडा-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन का संचालन, चारबाग के बजाए डालीगंज से चलेगी गाड़ी
बाराबंकी, अमृत विचार। यात्रीगण कृपया ध्यान दें, गोंडा पैसेंजर ट्रेन कुछ ही मिनटों में आने वाली है...का एनाउसमेंट फिर से सुनने को मिलेगा। लखनऊ से बलरामपुर वाया गोंडा होकर सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए छह साल से बंद पड़ी लखनऊ गोंडा पैसेंजर ट्रेन के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। बहुत ही जल्द ट्रेन पटरी पर पैसेंजर ट्रेन रफ्तार भरने लगेगी। अलग बात है कि ट्रेन चारबाग के बजाए डालीगंज से चलेगी।
कोरोना काल में बंद की गई लखनऊ-गोंडा पैसेंजर ट्रेन के संचालन की उम्मीद परवान चढ़ रही थी, पर इस खबर पर पक्की मुहर लग गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को 24 फरवरी को भेजे गए पत्र में गोंडा पैसेंजर ट्रन संख्या 55061, 62 के फिर से संचालन करने की अनुमति स्वीकृत होने की बात कही गई है। इस तरह करीब छह वर्ष बाद इस ट्रेन को दोबारा पटरी पर लाने की तैयारी शुरू है।
सब कुछ ठीक रहा तो एक सप्ताह के भीतर इसका संचालन होने लगेगा। ट्रेन के दोबारा शुरू होने से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, मजदूरों और स्कूली छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बताते चलें कि वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान नकहा जंगल से लखनऊ तक चलने वाली इस पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद से दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों और पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले छात्रों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। कई बार जनप्रतिनिधियों और यात्रियों की ओर से ट्रेन के संचालन की मांग भी उठाई गई थी।
ट्रेन के चलने से कम किराए में यात्रा करने वाले यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी। संभावित समय सारिणी के अनुसार प्रस्तावित 55061 पैसेंजर नकहा जंगल से रात करीब 11 बजे प्रस्थान करेगी और गोंडा, जरवल रोड, घाघरा घाट, चौकाघाट, बुढ़वल जंक्शन, बाराबंकी, सफेदाबाद और बादशाहनगर होते हुए सुबह 9:25 बजे डालीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहीं वापसी में 55062 पैसेंजर डालीगंज से शाम 5:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:45 बजे नकहा जंगल पहुंचेगी।
