बाराबंकी : शांतिपूर्ण निपटा दरोगा भर्ती परीक्षा का पहला दिन, डीएम-एसपी ने लिया परीक्षा केन्द्रों का जायजा
बाराबंकी, अमृत विचार। दो दिवसीय दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरु हो गई। इस परीक्षा में दस हजार के करीब अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण ढंग से निपटा। वहीं पुलिस के प्रयास से एक महिला की परीक्षा छूटने से बच गई। डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से परीक्षा केन्द्रों का जायजा लिया।
जिले में आठ केंद्रों पर आयोजित होने वाली दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरु हो गई। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़ेे इंतजाम किए गए और प्रत्येक केंद्र पर एक स्टैटिक और एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती करने के साथ ही सुरक्षा के तहत तीन जोन और आठ सेक्टरों में बांटा गया था। वहीं सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की निगरानी की गई।
परीक्षा के लिए अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामियां इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, जमील उर रहमान किदवई इस्लामिया गर्ल्स कॉलेज, जवाहर लाल नेहरू परास्नातक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सतरिख, राजकीय इंटर कॉलेज जाटा बरौली और राजकीय पालीटेक्निक जहांगीराबाद को केन्द्र बनाया गया था। केंद्रों के आसपास सौ मीटर के दायर में आने वाली सभी फोटो स्टेट तथा साइबर कैफे की दुकानें पूरी तरह से बंद रहे। तीन परीक्षा केंद्र को छोड़ बाकी केन्द्र शहर में रहे। इसलिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने में अभ्यर्थियों को कम असुविधा हुई।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा संयुक्त रूप से परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराये जाने के दृष्टिगत थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत जवाहर लाल नेहरू पीजी कालेज, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इण्टर कालेज, राजकीय इण्टर कालेज व राजकीय महिला इण्टर कालेज आदि परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
छूटने से रह गई महिला की परीक्षा
परीक्षा में शामिल होने आयी एक महिला अभ्यर्थी का परीक्षा केन्द्र राजकीय इण्टर कालेज बरौली जाटा थाना सतरिख था लेकिन वह गलती से कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित राजकीय इण्टर कालेज में आ गई। समय के अभाव के कारण महिला अभ्यर्थी ने तत्काल 112 पर सूचना दी, जिसके उपरान्त सीओ संगम कुमार की सक्रियता से पीआरवी 6520 के कर्मियों द्वारा महिला अभ्यर्थी को परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचाया गया। महिला अभ्यर्थी ने बाराबंकी पुलिस की जमकर प्रशंसा की।
