बुलंदशहर में अवैध गैस भराई का भंडाफोड़, एक हजार सिलेंडर बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र में जिला प्रशासन ने छापेमारी कर अवैध गैस भराई के बड़े खेल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग एक हजार खाली गैस सिलेंडर तथा भराई से संबंधित उपकरण बरामद किए गए।

खुर्जा की उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा पांडे ने शनिवार को बताया कि बड़े गैस सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरने की सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह की टीम ने खुर्जा देहात क्षेत्र के ग्राम अगौरा अमीरपुर स्थित शिवांश भारत गैस एजेंसी पर छापा मारा। 

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान विभिन्न कंपनियों के लगभग एक हजार खाली बड़े गैस सिलेंडर तथा 14 भरे हुए सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा गैस स्थानांतरण के 32 भराई यंत्र (बांसुरी) और तीन बड़े पाइप भी मौके से जब्त किए गए।

उपजिलाधिकारी के अनुसार आपूर्ति विभाग की टीम ने एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है। उन्होंने बताया कि बड़े गैस सिलेंडरों में अवैध भराई की सूचना पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय गैस माफिया में हड़कंप मच गया है।  

संबंधित समाचार