होली के दिन खूनी विवाद! पेंटर हत्याकांड का चौंकाने वाला सीसीटीवी वायरल, आरोपी पर ग्रामीणों का गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, काकोरी, अमृत विचार: दुबग्गा के बेगरिया गांव में होली के दिन हुए सूरज गौतम हत्याकांड में जेल गए जीएसटी क्लर्क मोहित तिवारी को लेकर ग्रामीणों ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों को शक है कि करीब 12 साल पहले मोहित ने अपने पिता की हत्या कर अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल कर ली थी। हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों के इन आरोपों की जानकारी से इंकार किया है। वहीं, शनिवार को दुबग्गा हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

बताते चलें कि 4 मार्च को होली की शाम बेगरिया गांव में हैप्पी होली बोलने के विवाद में पेंटर सूरज गौतम (22) की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्याकांड में आरोपी मोहित तिवारी, उसकी मां रंजना और बहन शिवानी को गिरफ्तार कर 5 मार्च को जेल भेज दिया था।

मृतक के पिता राजेंद्र गौतम ने बताया कि वह अपने परिचित निशु के साथ घर के बाहर खड़े थे। उसी दौरान बाइक से गुजर रहे मोहित तिवारी को निशु ने हैप्पी होली कह दिया। इस बात पर मोहित भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ता देख राजेंद्र के बेटे सूरज और शिवा बीच-बचाव करने पहुंचे।

इसी दौरान मोहित की मां रंजना और बहन शिवानी भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि शिवानी अपने कुर्ते में चाकू छिपाकर लाई थी। उसने सूरज के पेट में तीन बार चाकू से वार किया। इसके बाद मोहित और उसकी मां ने भी सूरज पर कई वारकर हत्या कर दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि मोहित तिवारी का स्वभाव काफी अजीब था और वह गांव में किसी से बातचीत नहीं करता था। अगर मोहल्ले के बच्चे भी उसके घर के सामने खेलते पहुंच जाते थे तो वह उन्हें पत्थर मारकर भगा देता था। गांव निवासी पवन ने बताया कि मोहित के पिता सेल्स टैक्स विभाग में तैनात थे। उनकी मौत के बाद मोहित को अनुकंपा के आधार पर उनकी जगह नौकरी मिली थी। वर्तमान में वह वाराणसी में जीएसटी विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात है। मोहित के पिता की मौत की खबर पर गांव के लोग जब उनके घर सांत्वना देने पहुंचे थे तो मोहित ने उन्हें भगा दिया था और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया था। तभी से गांव में चर्चा है कि उसने नौकरी पाने के लिए अपने पिता को मारा है।

 

संबंधित समाचार