Moradabad: रोडवेज से अब प्रदेशभर में भेज सकेंगे सामान, पीतल नगरी डिपो पर लगेज ट्रांसपोर्ट सेवा शुरू
मुरादाबाद, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम ने यात्रियों और आम लोगों को नई सुविधा देते हुए अब बसों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में सामान भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके तहत मुरादाबाद के पीतल नगरी डिपो में परिवहन निगम की बिल्डिंग में एक निजी कंपनी द्वारा लगेज ट्रांसपोर्टेशन का कार्यालय शुरू किया गया है।
शनिवार को क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि अब लोग आसानी से अपने सामान को कम समय में दूसरे शहरों तक भिजवा सकेंगे। निदेशालय से ए बी जी लॉजिस्टिक कंपनी को टेंडर दिया गया है। जिसमें अभी मुरादाबाद पीतल नगरी और बिजनौर डिपो पर कंपनी के कार्यालय खोले जाने के लिए पत्र मिला है। जिसमें पीतल नगरी डिपो में कंपनी लगेज बुक कर भेजने का कार्य करेगी।
रोडवेज की ओर नई व्यवस्था के तहत अब रोडवेज बसों के जरिए प्रदेश के किसी भी जिले में पार्सल और अन्य सामान भेजा जा सकेगा। इसके लिए यात्रियों और व्यापारियों को डिपो पर बने कार्यालय में जाकर सामान की बुकिंग करानी होगी। सामान भेजने के लिए दूरी के आधार पर किराया तय किया है।
यानी जिस जिले तक सामान भेजा जाएगा, उसी के अनुसार शुल्क लिया जाएगा। कम दूरी के लिए कम और अधिक दूरी के लिए अधिक किराया निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे लोगों को निजी कूरियर सेवाओं के मुकाबले सस्ता और तेज विकल्प मिल सकेगा। इस सेवा के शुरू होने से छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
