Vindhyachal Navratri Fair: विंध्याचल नवरात्र मेले में होगी 3 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मिर्जापुर। मिर्जापुर में विंध्याचल नवरात्र मेले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बार अर्द्धसैनिक बलों के साथ तीन हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस बल की मांग आसपास के जिलों सोनभद्र, वाराणसी, प्रयागराज, भदोही, जौनपुर और बलिया से की गई है। इसके अतिरिक्त तीन कंपनी प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी के जवान भी तैनात किए जाएंगे।

गंगा नदी में सुरक्षा के लिए राज्य आपदा मोचन बल के 80 जवान चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगे। पूरे मेला क्षेत्र में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और त्रिकोण पथ पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मेले में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के तीन अधिकारी, 18 उप पुलिस अधीक्षक, 50 निरीक्षक, 250 उप निरीक्षक, 2500 आरक्षी और 300 महिला पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, त्वरित प्रतिक्रिया दल, आपातकालीन सेवा 112, अग्निशमन इकाई और अन्य सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि होमगार्ड और पीआरडी के जवान भी अतिरिक्त रूप से लगाए जाएंगे। दर्शनार्थियों की सहायता के लिए एनसीसी और स्काउट गाइड के छात्र भी अपनी सेवाएं देंगे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

श्रद्धालुओं के लिए स्नान के स्थान भी निर्धारित किए गए हैं। मेला क्षेत्र में लगभग दो दर्जन वाहन स्टैंड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि चौबीसों घंटे आपातकालीन पुलिस दल तैयार रहेगा। यातायात पुलिस और घुड़सवार पुलिस भी अपने-अपने दायित्वों के लिए तैनात रहेंगी। त्रिकोण पथ पर स्थित मां विंध्यवासिनी, विंध्य पर्वत पर मां अष्टभुजा और कालीखोह में स्थित मां काली मंदिरों को एक इकाई मानकर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। 

संबंधित समाचार