UP Board : हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से, जानिए कब आएगा परिणाम
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से एक अप्रैल तक प्रदेश के 249 मूल्यांकन केंद्रों पर किया जाएगा। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह गोपनीय और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य होगा तथा किसी भी स्तर पर मौखिक, लिखित, डिजिटल या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से उत्तर पुस्तिका या मूल्यांकन से जुड़ी कोई सूचना साझा करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।गोपनीयता भंग होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मूल्यांकन कार्य की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा तथा प्रत्येक केंद्र पर जिलाधिकारी की ओर से स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। मूल्यांकन कार्य वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाएगा, जिसकी कनेक्टिविटी जनपद और राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी।
मूल्यांकन में लगे शिक्षकों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा के दृष्टिगत केंद्रों पर अराजकतत्वों पर नजर रखने के लिए एलआईयू और सादे वेश में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
कार्य समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों को परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों तक ले जाने वाले प्रत्येक ट्रक के साथ दो सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को सभी केंद्रों पर उप नियंत्रक द्वारा मूल्यांकन कर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
