मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन, सड़क पर उतरीं सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्री, पुलिस से हुई नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः ईको गार्डेन धरना स्थल पर रविवार को प्रदेश भर से आई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटी महिलाओं ने शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। काफी देर तक जब शासन का कोई सक्षम अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो प्रदर्शनकारी महिलाओं का आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां धरना स्थल से निकलकर विधानसभा की ओर कूच करने लगीं। 

पुलिस ने ईको गार्डेन का मुख्य द्वार बंद कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं बैरिकेडिंग पार कर सड़कों पर उतर आईं और करीब एक किलोमीटर तक नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ती रहीं। मौके पर पहुंचे एसीपी कैंट अभय मल्ल ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की लेकिन महिलाएं मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग पर अड़ी रहीं और सड़क पर बैठकर जाम लगाने का प्रयास करने लगीं। 

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं प्रदेश अध्यक्ष नीलम पांडेय, संयुक्त मंत्री अंजनी मौर्या समेत अन्य प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए भेजा। धरना स्थल पर करीब चार सौ से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद थीं, लेकिन पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। महिला पुलिसकर्मियों की कमी के कारण प्रदर्शनकारी सड़क पर निकल आईं। इस दौरान सड़क जाम के चलते यातायात प्रभावित हुआ और एक 108 एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रास्ता दिलाया।

ये भी पढ़ें :
भारत की जीत पर LSG मैराथन की शुरुआत, 1090 चौराहे पर टीम इंडिया के समर्थन में जुटी युवाओं की भीड़

संबंधित समाचार