भारत की जीत पर LSG मैराथन की शुरुआत, 1090 चौराहे पर टीम इंडिया के समर्थन में जुटी युवाओं की भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: टी-20 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया की जीत की कामना और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को शहर में उत्साह और जोश के साथ एलएसजी रन–रन फॉर इंडिया का आयोजन किया गया। लखनऊ सुपर जायंट्स की देखरेख में आयोजित मैराथन की शुरुआत 1090 चौराहे से हुई, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 

प्रतिभागियों ने एलएसजी की नई जर्सी पहनकर फिटनेस और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में आरपीएसजी स्पोट्स की नेहा लोसलका ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। मैराथन तीन श्रेणियों, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर में आयोजित की गई। 10 किलोमीटर की दौड़ 1090 चौराहे से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क होते हुए जनेश्वर पार्क तक पहुंची। 

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए जुम्बा डांस का भी आयोजन किया गया। मैराथन के विभिन्न वर्गों में धावकों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में अंशिका यादव, रूबी, हर्षिता, डॉ. क्षितिज, पूजा सिंह, निहारिका पांडेय, तान्या, कामिनी, कल्पना और पलक विजेता रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में शुभम यादव, रवि पाल, नौशाद अली, आनंद करन, आरपी सिंह, आकाश टंडन, सक्षम, अंकित, अभय, श्रवण और उमा शंकर को ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं और रनर-अप प्रतिभागियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य फिटनेस को बढ़ावा देना, महिलाओं की शक्ति का सम्मान करना और टीम इंडिया की जीत के लिए शहरवासियों को एकजुट करना है।

संबंधित समाचार