Bareilly : जिले में 97.58 करोड़ से बदलेगी सड़कों की सूरत, मुख्यमंत्री करेंगे 25 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जनपद के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए लोक निर्माण विभाग (प्रान्तीय खण्ड) ने विकास की बड़ी रूपरेखा तैयार की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही कुल 97.58 करोड़ रुपये की लागत वाली 25 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में ग्रामीण संपर्क मार्गों से लेकर मुख्य जिला मार्गों का चौड़ीकरण शामिल है, जिससे पूरे जिले की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

सूची के अनुसार, सबसे बड़ी परियोजना जुबैदी से बिलासनगर भुता मार्ग का चौड़ीकरण है। इस पर 42.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही शेरगढ़-बहेड़ी मार्ग (13.96 करोड़) और पीलीभीत रोड से रिछौली ताराचन्द मार्ग (8.05 करोड़) का कायाकल्प किया जाएगा। सेमीखेड़ा वसुधरन शेरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भी 7.24 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए कई नए संपर्क मार्गों का शिलान्यास होगा। इसमें फरीदपुर ब्रान्च कैनाल मार्ग पर 1.08 करोड़, केसरपुर सिसिया से लहिया मार्ग पर 0.60 करोड़, भूड़ा फरीदपुर से उगनपुर मार्ग 0.93 करोड़ और पचा गौटिया से गोकुलपुर मार्ग पर 2.22 करोड़ की लागत से विशेष मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा धार्मिक महत्व के मार्गों को भी प्राथमिकता दी गई है।

लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव के अनुसार एनएच-74 से ईद जागीर के शिव मंदिर तक चौड़ीकरण और सेंथल जादोपुर मार्ग से हिमपुर चमरौआ शिव मंदिर तक नए मार्ग का निर्माण किया जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए ''विशेष मरम्मत योजना 2025-26'' के तहत कमालपुर संपर्क मार्ग और शाहपुर इनायतुल्ला मार्ग को भी दुरुस्त किया जाना है। इसके अलावा, चटिया रहमत अली, ठिरिया निजावत खां से मनपुरिया और नरयावल बिथरीचैनपुर मार्ग जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम यातायात के लिए लाखों रुपये खर्च होगा। इन सभी परियोजनाओं में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और क्षेत्रीय विधायकों डॉ. एमपी आर्य, शहजिल इस्लाम, अताउर रहमान, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. राघवेंद्र शर्मा और डॉ. अरुण कुमार के क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि इन परियोजनाओं का शिलान्यास पहले किसी जनप्रतिनिधि ने नहीं किया है, जिससे अब मुख्यमंत्री के हाथों एक साथ इन कार्यों की शुरुआत कराने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

 

संबंधित समाचार