श्रावस्ती : बकरी पालन योजना में चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल, जांच की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज पाठक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति के लिए संचालित बकरी पालन योजना के चयन में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जांच की मांग की है। 

जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में श्री पाठक ने कहा कि जनपद श्रावस्ती में पशुपालन विभाग के माध्यम से अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के लिए 100 बकरी यूनिट की मांग शासन से की गई थी, जिसे स्वीकृति मिलने के साथ ही उसका बजट भी जनपद को उपलब्ध करा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा 05 फरवरी 2026 को 100 बकरी यूनिट के चयन की सूची शासन को भेजी गई, लेकिन चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया। 

पत्र में आरोप लगाया गया है कि टीओआईडीओ के माध्यम से केवल विकास खंड जमुनहा के कुछ गांवों से ही लाभार्थियों का चयन कर लिया गया, जबकि शासन के निर्देशानुसार पूरे जनपद से पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाना था। उन्होंने कहा कि चयन सूची में व्यक्तिगत लाभ के उद्देश्य से गलत तरीके अपनाए गए हैं, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका उत्पन्न होती है।

पाठक ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे जनपद के सभी क्षेत्रों से अत्यंत गरीब, विधवा एवं पात्र लाभार्थियों का निष्पक्ष तरीके से चयन कर अंतिम सूची जारी कराई जाए, ताकि सरकार की योजना का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके। इस संबंध में उन्होंने अपर निदेशक ग्रेड-2 देवीपाटन मंडल गोंडा, निदेशक प्रशासन एवं विकास पशुपालन विभाग लखनऊ तथा मुख्य विकास अधिकारी श्रावस्ती को भी पत्र की प्रतिलिपि प्रेषित की है। 

संबंधित समाचार