लखनऊ में आज से भारतीय टीम का कैंप शुरू, जॉर्जिया पैरा जूडो वर्ल्ड कप की तैयारी तेज

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : जॉर्जिया में होने वाले आईबीएसए जूडो वर्ल्ड कप के लिए भारतीय पैरा जूडो टीम की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय पैरा जूडो टीम का प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से लखनऊ के हजरतगंज स्थित पैरा जूडो अकादमी में शुरू हो रहा है। देशभर से दिग्गज पैरा जूडो खिलाड़ी राजधानी पहुंचकर इस कैंप में हिस्सा लेंगे और 19 मार्च तक यहां अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन के चीफ कोच मुनव्वर अंजार ने बताया कि जॉर्जिया में आयोजित होने वाले आईबीएसए जूडो वर्ल्ड कप के मुकाबले 20 से 27 मार्च तक खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। उन्होंने बताया कि कैंप में कुल 18 सदस्य शामिल होंगे, जिनमें खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ मौजूद रहेगा। खास बात यह है कि इस शिविर में पैरालंपिक में हिस्सा ले चुके खिलाड़ी भी शामिल होंगे, जिससे भारतीय टीम की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

कैंप में उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों धर्मवीर और गुलशन को भी जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी कैंप में अभ्यास कर विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को धार देंगे।

कैंप में शामिल सदस्य-

कपिल परमार, देवेंद्र यादव (मध्य प्रदेश), विजेंद्र (हरियाणा), हसन अली (तेलंगाना), संदीप सिंह, अविदश शर्मा, डिपंल (दिल्ली), धर्मवीर, गुलशन (उत्तर प्रदेश), रेनुका सालवे (महाराष्ट्र), दीपक रानी, कोकिला (हरियाणा)।

कोचिंग व सपोर्ट स्टाफ-

मुख्य कोच – मुनव्वर अंजार (लखनऊ)
सहायक कोच – अकरम शाह, दीपक गुप्ता

सहायक सदस्य – स्मिता सेठी
फिजियोथेरेपिस्ट – अदिति जैन

भारतीय टीम इस कैंप में तकनीकी और फिटनेस प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देगी, ताकि खिलाड़ी जॉर्जिया में होने वाले विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीत सकें।

संबंधित समाचार