शाहरुख की हैट्रिक से स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ क्वार्टर फाइनल में... टॉप 8 में बनाई जगह

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: मेजबान स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और लखनऊ मंडल की टीमें सब जूनियर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सोमवार को सभी क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे।

गोमतीनगर स्थित विजयंतखंड मिनी स्टेडियम के पद्मश्री मो. शाहिद हॉकी टर्फ स्टेडियम पर रविवार को स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने गोरखपुर मंडल को 7-1 के बड़े अंतर से पराजित किया। शाहरुख अली ने हैट्रिक लगाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच की शुरुआत से ही स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने आक्रामक खेल दिखाया।

खेल के तीसरे मिनट में करण धानुक ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद शाहरुख अली ने पांचवें, सातवें और 17वें मिनट में लगातार गोल कर गोरखपुर के डिफेंस को ध्वस्त कर दिया।

अंशु पाण्डेय ने 25वें और 42वें मिनट और आशीष यादव ने एक गोल किया। बस्ती मंडल, स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी, स्पोर्ट्स हॉस्टल रामपुर, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने भी जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने चित्रकूट मंडल को 18-0, लखनऊ मंडल ने मिर्जापुर मंडल को 2-0 , बस्ती मंडल ने वाराणसी मंडल को 3-0, स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने सहारनपुर मंडल को 10-0, स्पोर्ट्स हॉस्टल रामपुर ने बरेली मंडल को 7-0, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने प्रयागराज मंडल को 10-0, स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने मुरादाबाद मंडल को 4-0 से पराजित किया।

संबंधित समाचार