Bareilly: ऐलानिया कहा था - एक हत्या पहले कर चुका, एक-दो और करेगा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। पारिवारिक विवाद को निपटाने के लिए चल रही पंचायत के बीच में सास और साले की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले अफसर ने एक दिन पहले ही ऐलानिया कहा था कि एक हत्या वह पहले कर चुका है, अब एक-दो और कर देगा। पत्नी ने पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। पुलिस की लापरवाही का नतीजा दोहरे हत्याकांड के रूप में सामने आया है।

दोहरे हत्याकांड के आरोपी अफसर का अपराधों से पुराना नाता रहा है। पहले 2004 में मामा की हत्या के मामले में जेल जा चुका था। उसने ससुरालियों पर पहले भी चाकू से हमला कर उन्हें घायल दिया था। रविवार को भी अफसर ने पत्नी सायमा के साथ मारपीट की थी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अफसर और उसकी पत्नी सायमा में रविवार को विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी ने डायल 112 पर शिकायत करने के अलावा इज्जतनगर थाने में लिखित में शिकायत करके पति से जान का खतरा बताया था, लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। गांव के लोगों का कहना है कि अगर पुलिस इसे गंभीरता से लेती तो आज दो जिंदगी बच गई होती।

आरोपी अफसर ने अपनी सास को चांटा मार दिया था, इसका पत्नी ने विरोध किया था। इससे वह भड़का हुआ था। आरोप है कि अफसर खुलेआम धमकी दे रहा था कि 2004 में वह एक हत्या कर चुका है, एक दो हत्या अब कर देगा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोई जांच नहीं की। पुलिस से शिकायत करने के बाद आरोपी को डर था कि पुलिस कहीं उसे गिरफ्तार न कर ले, जबकि तमंचा लेकर गली में घूम रहा था।

इसके बाद सोमवार को पड़ोस के रहने वाले राशिद के घर पर पंचायत हुई थी, लेकिन आरोपी पहले से ही तैयारी करके आया था। उसने विवाद सुलझाने के लिए हुई पंचायत में सास और साले पर चाकू से ताबड़तोड हमला करके उन्हें मौत के घाट उतार दिया, जबकि हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

ईद का वास्ता देकर कराई थी पंचायत
आरोप है कि पांच दिन पहले पति अफसर से विवाद होने के बाद सायमा अपने मायके में बच्चों के साथ आकर रहने लगी थी, लेकिन अफसर ने पड़ोसी राशिद ज्वैलर से कहा था कि एक बार और समझौता करा दीजिए, ईद का त्योहार नजदीक आ रहा है। पति-पत्नी साथ में मिलकर हंसी खुशी रहेंगे। आरोपी अफसर ने पंचायत कराकर मामले का निस्तारण कराने को कहा था। इसके बाद ही राशिद के घर पर पंचायत बुलाई गई थी।

चश्मदीद बोले, 20 सेंकेंड में दिया घटना को अंजाम
पंचायत में मौजूद लोगों ने बताया कि पंचायत में बातें चल रही थी। जिस घर में पंचायत चल रही थी उसके मालिक राशिद खां ने बताया कि आरोपी ने बातों बातों में ही चाकू निकालकर पहले अपने साले आदिल पर हमला कर दिया, इसके बाद सास आसमा के पेट में चाकू मार दिया। ऐसे में वह लोग घबरा गए। भागते समय आरोपी ने अपनी पत्नी सायमा पर भी हमला कर दिया। चश्मदीद लोगों के मुताबिक 20 सेकेंड में आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। अधिक खून बहने की वजह से दोनों की मौत हो गई।

चाचा की लड़की से 2017 में हुई थी शादी
गांव में ही रहने वाले नन्ने खां ने 2017 में बेटी सायमा की शादी भतीजे अफसर के साथ की थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही अफसर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पड़ोसियों ने बताया की विवाद के बाद आपस में राजीनामा करा दिया जाता था। सायमा की बहन साहिबा ने बताया- जीजा एंबुलेंस चलाते हैं। वो पहले भी कई बार मारपीट कर चुके हैं। 9 साल पहले मेरी बहन सायमा की उनसे शादी हुई थी। रविवार को भी उन्होंने मारपीट की थी। तब 112 पर फोन करके पुलिस बुलाई गई थी। इस पर वह घर से भाग गए थे।

पंचायत में बीड़ी पी रहा था आरोपी, रोजे से थे मृतक मां-बेटे
पंचायत में मौजूद आरोपी अफसर बीड़ी पी रहा था। इस पर पंचायत के लोगों ने कहा कि पत्नी के साथ ईद मनाने की बात कह रहा है, लेकिन रोजा नहीं रख रहा है। मृतक मां और बेटे रोजे से बताए जा रहे हैं। वहीं दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल भी पहुंच गए।

बच्चे बोले, प्यार नहीं करते थे पापा
अफसर के बेटे फैज ने बताया- मेरे पापा मम्मी को रोज मारते थे। पापा ने मेरे मामू और नानी की चाकू मारकर हत्या कर दी है। मम्मी को भी चाकू मारे हैं। उनको अस्पताल ले जाया गया है। पापा हम लोगों से प्यार नहीं करते। वो बहुत गंदे हैं। आरोपी के दो छोटे बच्चे भी हैं। फैज 8 साल आयशा 5 साल की बच्ची है।

घर में लगे थे सीसीटीवी कैमरे, पुलिस ने डीबीआर कब्जे में ली
सपा से पार्षदी का चुनाव लड़ चुके ज्वैलर्स राशिद खान के घर पर अफसर और उसकी पत्नी का विवाद सुलझाने की पंचायत हो रही थी। फील्ड यूनिट और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिस घर में पंचायत हो रही थी, उसमें सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। जिसका डीबीआर पुलिस की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर कार्रवाई करेगी।

मामू की हत्या में भी जेल जा चुका है अफसर
रहपुरा चौधरी के लोगों ने बताया कि आरोपी अफसर 2004 बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के उड़ला जागीर गांव में अपनी मामी के साथ प्रेम प्रसंग के मामले में चाकू मारकर अपने सगे मामा की हत्या कर चुका था। इसमें वह अपनी मामी के साथ जेल गया था। लेकिन 2015 में वह जमानत पर बाहर आ गया था। अब सामने आया है कि डबल मर्डर के आरोपी अफसर का जुर्म से पुराना नाता रहा है। अफसर ने सास ससुर सहित ससुराल के अन्य लोगों पर कुछ वर्ष पूर्व भी धारधार हथियार से घर में घुसकर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरोपी अफसर निजी अस्पताल की एंबुलेंस चलाता था वह गाड़ी थाना सीबीगंज के सामने खड़ी रहती थी, थाने के पीछे ही उसने आईटीआर का कमरा भी घेर रखा था। आरोपी के खिलाफ सीबीगंज और इज्जत नगर थाने में भी पूर्व में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रहपुरा चौधरी में सूचना मिली थी कि एक युवक ने अपनी सास और साले की चाकू से हत्या कर दी है। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी का आपस में विवाद में था। विवाद निपटाने के लिए पंचायत में काहसुनी के बाद चाकू से हमला किया गया। हमले में दो लोगो की मौत हो गई, जबकि आरोपी की पत्नी घायल हो गई। पंचायत के समय आरोपी की ससुराल की तरफ से तीन लोग और आरोपी के अलावा मकान मालिक राशिद मौजूद थे। दो बार पहले भी राशिद ने समाधान कराया था। रविवार को 112 पर पत्नी ने सूचना दी थी, 112 पर जो टीम मौजूद थी उन्हें भी बुलाकर पूछताछ की गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमों को लगाया गया है।

 

संबंधित समाचार