दो राष्ट्रीय सिंचाई परियोजनाओं में 717.11 करोड़ खर्च करेगा यूपी, बांध परियोजनाओं में यूपी की हिस्सेदारी को कैबिनेट की मंजूरी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में निर्माणाधीन दो महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं लखवार बहुउद्देशीय परियोजना और रेणुकाजी बांध परियोजना में उत्तर प्रदेश की वित्तीय हिस्सेदारी को मंजूरी दे दी गई। इन दोनों परियोजनाओं में राज्य सरकार कुल 717.11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च करेगी।

कैबिनेट ने उत्तराखंड के देहरादून और टिहरी गढ़वाल जिले में यमुना नदी पर बन रही लखवार बहुउद्देशीय परियोजना में उत्तर प्रदेश के हिस्से के रूप में 356.07 करोड़ रुपये खर्च करने को स्वीकृति दी है। इस परियोजना के तहत 204 मीटर ऊंचा बांध, 300 मेगावाट क्षमता का भूमिगत बिजलीघर और बैराज का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना से लाभार्थी राज्यों के लगभग 33,780 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा।

इसी तरह हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गिरी नदी पर बन रही रेणुकाजी बांध परियोजना में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी के रूप में 361.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना में 148 मीटर ऊंचा बांध बनाया जा रहा है और इससे 40 मेगावाट बिजली उत्पादन भी प्रस्तावित है।

इन दोनों राष्ट्रीय परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश को कुल 3.721 बीसीएम अतिरिक्त जल प्राप्त होगा। इस जल का उपयोग पूर्वी यमुना नहर और आगरा नहर प्रणाली के माध्यम से सिंचाई के लिए किया जाएगा, जिससे प्रदेश में पेयजल और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

संबंधित समाचार