टेबलेट-स्मार्टफोन वितरण को दो हजार करोड़ मंजूर, स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना से होगा वितरण
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत युवाओं को टेबलेट और स्मार्टफोन वितरित करने के लिए दो हजार करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में औद्योगिक विकास विभाग शासनादेश जारी किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टेबलेट और स्मार्टफोन वितरण के लिए दो हजार करोड़ रुपये की धनराशि आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, उत्तर प्रदेश के निस्तारण पर रखी गई है। शासनादेश में बताया गया है कि युवाओं को निःशुल्क टेबलेट और स्मार्टफोन वितरण के लिए पहले ही दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं और इस योजना के संचालन के लिए यूपी डेस्को को नोडल एजेंसी नामित किया गया है।
शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बजट का आवंटन अपने आप में व्यय की अनुमति नहीं माना जाएगा। किसी भी व्यय से पहले संबंधित सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति प्राप्त करना आवश्यक होगा। धनराशि का आहरण केवल तत्काल आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा और इसे बैंक खातों में रखकर नहीं रखा जाएगा।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारी या संस्था को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता न हो और किए गए व्यय के सापेक्ष उपयोगिता प्रमाण पत्र समय से शासन को उपलब्ध कराया जाए। सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि योजना के तहत होने वाले सभी भुगतान और आहरण बजट मैनुअल, वित्तीय नियमों तथा संबंधित शासनादेशों के अनुरूप ही किए जाएं।
