50 क्विंटल फूलों से सजेगा राम मंदिर: मंत्रोच्चारण, शंखनाथ और भगवान के भजनों से गुंजायमान होगा परिसर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। राममंदिर परिसर में 19 मार्च को आयोजित श्रीराम यंत्र स्थापना समारोह में पूरे परिसर को 50 क्विंटल फूलों से सजाया जायेगा। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वार से लेकर राम मंदिर तक विशेष व्यवस्था होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राम जन्मभूमि परिसर में आगमन होते ही भव्य स्वागत किया जाएगा। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इसकी तैयारी कर रहा है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ.अनिल मिश्रा ने बताया कि यह राम मंदिर समेत पूरे परिसर के निर्माण का अंतिम कार्यक्रम होगा। राम मंदिर के साथ परिधि में बने 800 मीटर के परकोटे में छह देवी-देवताओं के मंदिर, शेषवतार मंदिर, सप्त ऋषि मुनियों के मंदिर, कूबेर टीला और जटायु की प्रतिमा स्थापित है।

जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए सभी स्थलों को फूलों से सुसज्जित करने की योजना है। 19 मार्च को सुबह 11 बजे के लगभग परिसर में प्रवेश करते ही फूलों से स्वागत किया जाएगा। मंत्रोच्चारण, शंखनाथ और भगवान के भजनों से परिसर गुंजायमान होगा।

यह कार्यक्रम को बहुत ही सुंदर ढंग से संपन्न करने की तैयारी की जा रही है। यहाँ आने वाले प्रमुख अतिथियों को बैठने की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू परिसर का भ्रमण करते हुए राम मंदिर पहुंचेंगी। जहां श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी। वहीं आमंत्रित अतिथियों को संबोधन के लिए बने मंच पर भी जाएंगी।

ट्रस्ट बनवा रहा प्रसाद के 10 हजार प्रसाद डिब्बे

राम मंदिर के द्वितीय तल 19 मार्च को श्रीराम यंत्र की स्थापना होगी। इसके लिए यंत्र का पूजन अनुष्ठान संपन्न किया जा रहा है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से शारदीय नवरात्रि के प्रारंभ होने पर आयोजित समारोह में शामिल होने वाले 7000 अतिथि, सुरक्षाकर्मी और कार्यकर्ताओं को विशेष प्रसाद उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट सीता रसोई में प्रसाद के 10 हजार डिब्बे बनवा रहा है। इसके अलावा इस दिन मंदिर के दर्शनार्थियों में भी लड्डू और पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को भी बांटे जाएंगे लड्डू और पंजीरी

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज की देख रेख में चल रहे प्रसाद पैकिंग में मखाना, मूंगफली दाना, चिप्स, लक्षा, रामदाने के लड्डू, पंजीरी तैयार की जा रही है। राजेंद्र सिंह पंकज ने बताया कि आमंत्रित अतिथियों को लगभग पांच घंटे परिसर में रहना होगा। उनके लिए फलहार के लिए विशेष पैकेट तैयार किये जा रहे हैं। जिसमें दो लड्डू, एक आलू चिप्स, लक्षा के अलावा केला, सेब व संतरा भी दिया जाएगा, क्योंकि इस दिन नवरात्र का प्रथम दिन भी होगा। इसके लिए यह पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गर्मी का मौसम है इसके लिए कोई कठिनाई न आए इसके लिए सभी के बीच ओआरएस का घोल भी वितरित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  : 
गैस संकट के बीच अवसर बना PNG : CUGL में रोजाना नए कनेक्टशन के लिए पूछताछ के बढ़ने लगे मामले

 

संबंधित समाचार