अखिलेश का चुनाव आयोग पर आरोपः कहा- भाजपा के इशारों पर हो रहा काम... गैस संकट और भर्ती विवाद पर भी सरकार को घेरा
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने जारी बयान में कहा कि भाजपा फर्जी तरीके से प्रिंटेड फार्म-7 और नकली हस्ताक्षरों के जरिए सपा समर्थकों के वोट कटवाने की साजिश कर रही है। पार्टी की ओर से इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई, लेकिन अब तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सपा प्नमुख ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं होती, वहां चुनाव के दौरान डीजीपी और मुख्य सचिव जैसे अधिकारियों को हटा दिया जाता है, जबकि भाजपा शासित राज्यों में ऐसा नहीं होता। यूपी में भी कई बार ऐसे अधिकारियों को नहीं हटाया गया, जिनके परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे थे।
सपा अध्यक्ष ने रसोई गैस की कमी को लेकर भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता गैस सिलेंडर के लिए परेशान है, जबकि भाजपा झूठे दावे कर रही है। पुलिस भर्ती में विवादित सवाल के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार पर समाज को बदनाम करने का आरोप लगाया।
साथ ही उन्होंने कहा कि कांशीराम और मुलायम सिंह यादव ने मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था और देश की राजनीति को नई दिशा दी थी।
