लखनऊ : केजीएमयू में भर्ती मरीजों को अब बेड पर मिलेगी दवा, HRF मेडि मित्र पहुंचाएंगे वार्ड में दवाएं

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को अब सस्ती दवा के लिए हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड (एचआरएफ) काउंटर के बाहर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। संस्थान प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी तेज कर दी है, जिसके तहत भर्ती मरीजों को दवाएं सीधे उनके बेड तक उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंगलवार को कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने यह जानकारी देते हुए बताया कि केजीएमयू में चार हजार से अधिक बेड हैं और ज्यादातर समय सभी बेड भरे रहते हैं। अभी तक भर्ती मरीजों के तीमारदारों को दवा लेने के लिए एचआरएफ काउंटर पर लंबी कतार लगानी पड़ती थी, जिससे समय की बर्बादी के साथ मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ता था। नई व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को इस परेशानी से राहत मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत वार्ड में डॉक्टर के निर्देश पर स्टाफ प्रत्येक मरीज की दवाओं का ऑनलाइन ऑर्डर एचआरएफ को भेजेगा। वहां से मरीज के नाम से दवा का पैकेट तैयार किया जाएगा। इसके बाद मेडि मित्र वार्ड में जाकर सीधे मरीज के बेड तक दवाएं पहुंचाएंगे। दवाओं का भुगतान मरीज के खाते से किया जाएगा।

कुलपति के मुताबिक एक समय था जब एचआरएफ में केवल 20 से 30 प्रतिशत दवाएं ही उपलब्ध थीं, जो अब बढ़कर करीब 80 प्रतिशत तक पहुंच गई हैं। विभागों की जरूरत के अनुसार काउंटरों पर दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां मरीजों को बाजार की तुलना में 30 से 70 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाएं मिल रही हैं। इस दौरान एचआरएफ प्रमुख डॉ. कुमार शांतनु,डॉ. अमिय अग्रवाल, डॉ. बालेंद्र भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार