ईद से पहले LPG के लिए मारामारी: गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, पुराने लखनऊ में सबसे ज्यादा हो रही बुकिंग

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : ईद के त्योहार से पहले गैस सिलेंडर लेने के लिए मारामारी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं की गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं। पुराने लखनऊ के मुस्लिम बहुल इलाकों में गैस सिलेंडर के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग हो रही है। चौक, बुलाकी अड्डा, गोमती नगर सहित शहर के कई इलाकों में गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

वायरल तस्वीर (9)

बुलाकी अड्डा स्थित भारत की सरस्वती गैस सर्विस में उपभोक्ताओं के हंगामे के कारण पुलिस बुलानी पड़ी। चारबाग स्थित ज्योति गैस सर्विस, लालबाग में इंडेन की सहकारी गैस सर्विस सहित कई एजेंसियों के बाहर लोग सिलेंडर के साथ लंबी कतारों में नजर आए। कई एजेंसियों में बुकिंग करा चुके उपभोक्ताओं को लाइन लगाकर सिलेंडर का वितरण किया गया।

दो दिन बाद खुली सहकारी गैस सर्विस, उपभोक्ताओं की लगी कतार

वायरल तस्वीर (8)

लालबाग स्थित इंडेन की सहकारी गैस सर्विस दो दिन बंदी के बाद सोमवार को खुली। इस बीच सुबह से ही उपभोक्ता एजेंसी के बाहर खाली सिलेंडर के साथ कतार में दिखे। होम डिलीवरी का इंतजार किए बिना लोग बुकिंग और डीएससी नंबर का मोबाइल पर मैसेज आने के बाद सीधे गैस एजेंसी पहुंच गए। एजेंसी के दफ्तर से ही परची कटवाई और भरा सिलेंडर ले गए। वहीं कई उपभोक्ता ऐसे भी थे जिनके मोबाइल पर मैसेज नही आने से उन्होंने एजेंसी के दफ्तर पर लाइन लगाकर केवाईसी कराई।

गैस सिलेंडर मिला तो खुशी से खिल गए चेहरे

एक हफ्ते से गैस सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहे उपभोक्ताओं को सहकारी गैस सर्विस पर लंबी लाइन लगाने के बाद जैसे ही गैस सिलेंडर मिला उनके चेहरे खुशी से खिल गए। अपने पति के साथ गैस सिलेंडर लेने आयीं महरून्निसां ने बताया कि 50 बार कॉल किया तब जाकर गैस की बुकिंग हुई थी। अब सिलेंडर मिल गया है ईद अच्छे से मन जाएगी। मेराज ने बताया कि पहले तो बुकिंग नहीं हो रही थी। एक हफ्ते पहले बुकिंग हुई और डीएससी नंबर का मैसेज आने पर खुद गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंच गए। परेशानी के बाद सिलेंडर मिल जाने से बहुत अच्छा महसूस हो रहा है।

बुकिंग बढ़ने से प्रशासन और गैस एजेंसियों की बढ़ीं मुश्किलें

त्योहार से पहले अचानक बुकिंग बढ़ने से प्रशासन और गैस एजेंसियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैस सिलेंडर के लिए पुराने लखनऊ में मुस्लिम बहुल इलाकों में गैस सिलेंडर के लिए अधिक बुकिंग हो रही हैं। होम डिलीवरी का इंतजार न करके लोग सिलेंडर के लिए सीधे एजेंसी और गोदाम पहुंच रहे हैं। एजेंसियों के बाहर अत्यधिक भीड़ लग रही है और उपभोक्ता गैस सिलेंडर पहले लेने की होड़ में हंगामा कर रहे हैं।

सिलेंडर न मिलने से हुसड़िया चौराहा किया जाम

गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोगों ने सोमवार को हुसड़िया चौराहे पर सड़क जाम कर दी। 100 से अधिक लोगों ने सड़क पर सिलेंडर रखकर रास्ता रोक दिया। मामला विराम खंड स्थित देवा पैलेस में भारत गैस एजेंसी का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिलेंडर उठाकर गाड़ियों को रास्ता दिलाया।

इंडियन ऑयल वन ऐप पर करें बुकिंग

एलडीएम आपूर्ति ज्योति गौतम ने बताया कि इंडियन कंपनी के उपभोक्ता इंडियन ऑयल वन ऐप पर गैस की बुकिंग करा सकते हैं। एजेंसियां उपभोक्ताओं के घरों पर सिलेंडर पहुंचा रही हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता बुकिंग कराने के बाद सीधे गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिससे समस्या बढ़ रही है। एडीएम ने उपभोक्ता परेशान न हों और जरूरत होने पर ही गैस की बुकिंग कराएं।

ये भी पढ़ें  :
'कवच बैग' करेगा लीची की सुरक्षा: बेहतर गुणवत्ता के साथ किसानों को मिलेगा अच्छा बाजार भाव, CISH निदेशक ने किया अनावरण

संबंधित समाचार