वाराणसी : गंगा नदी में नाव पर इफ्तार के दौरान बिरयानी खाने का आरोप, 14 गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में गंगा नदी में नाव पर इफ्तार के दौरान बिरयानी खाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को वायरल वीडियो के आधार पर चिह्नित किए गए 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी।

3

सोमवार को इस प्रकरण में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299, 196(1) बी, 270, 279 और जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त (काशी जोन), गौरव बंशवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर जिन 14 लोगों की संलिप्तता पाई गई, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

तहरीर देने वाले रजत जायसवाल ने कहा कि मां गंगा की गोद में नाव पर इफ्तार पार्टी का आयोजन कर बिरयानी खाई गई। उन्होंने कहा, "मां गंगा सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए अटूट आस्था का केंद्र हैं। देश-दुनिया से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन गंगा जल के आचमन और पूजा-पाठ के लिए काशी आते हैं। ऐसे में गंगा के बीच नाव पर बिरयानी खाना और उसके अवशेषों को नदी में फेंकना कतई उचित नहीं है। यह कृत्य हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से किया गया है।"  

संबंधित समाचार