UP: मिट्टी की ढांग में दबकर मजदूर की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल/कैला देवी। बहजोई थाना क्षेत्र में अवैध खनन के दौरान अचानक मिट्टी की ऊंची ढांग भरभराकर गिर गई, जिससे दो मजदूरों समेत चार लोग दब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक मजदूर की मौत हो चुकी थी जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बहजोई क्षेत्र में किसौली और रफीपुर गांव के बीच देवी मंदिर मढ़ी के आसपास पिछले कई महीनों से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक खनन करने वालों ने यहां का लगभग पूरा टीला खोद डाला है, जिसके कारण कई जगह ऊंची-ऊंची ढांगें बन गई हैं। इन्हीं ढांगों के नीचे ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी कर मजदूरों से मिट्टी खुदवाकर ट्राली में भरवाई जा रही थी। मंगलवार को करीब साढ़े 11 बजे मजदूर एक बड़े मिट्टी के टीले के नीचे ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर मिट्टी की खुदाई कर रहे थे और ट्राली में मिट्टी भरने का काम चल रहा था। 

इसी दौरान अचानक मिट्टी की भारी ढांग भरभराकर गिर पड़ी। वहां काम कर रहे बुद्धसैन निवासी किसौली, सुनील , प्रेमपाल और बच्चू मिट्टी के ढेर के नीचे दब गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने फावड़ों और हाथों से मिट्टी हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले राहत कार्य के बाद चारों मजदूरों को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बुद्धसैन की मौत हो चुकी थी। जबकि सुनील, प्रेमपाल और बच्चू गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। चंदौसी तहसीलदार रवि सोनकर, क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार और थाना प्रभारी संत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ भी की। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का काम चल रहा है, जिसके कारण इस तरह के हादसे होने का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों का हंगामा,अवैध खनन को संरक्षण के आरोप
संभल, अमृत विचार : खनन के दौरान ढांग गिरने से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है और यह सब पुलिस-प्रशासन के संरक्षण में हो रहा है।

अवैध खनन की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई थी, इसके बावजूद खनन का कार्य लगातार जारी रहा।दो दिन पहले गांव में हल्का लेखपाल भी पहुंचे थे और मौके का निरीक्षण किया था, लेकिन उसके बाद भी खनन पर कोई रोक नहीं लगाई गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पूर्व प्रधान के बेटे सतपाल ने अपने खेत की मिट्टी बेची थी, जिसके बाद वहां लगातार ट्रैक्टर-ट्रालियों से मिट्टी की खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान ऊंची ढांग बन गई थी। मृतक के चाचा रामवीर प्रजापति ने बताया कि मंदिर के बाबा ने भी इस अवैध खनन की शिकायत की थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने अवैध खनन पर रोक लगाई होती तो यह हादसा टल सकता था।

संबंधित समाचार