Bareilly: सीएम का संभावित आगमन...सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू करने की कवायद तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सथरापुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को क्रियाशील करने की कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने सोमवार को अधिकारियों के साथ प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए इस प्लांट का समय पर संचालन अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान संचालन एजेंसी ''पाथ्या'' के प्रतिनिधियों ने मशीनरी की स्थापना पूर्ण करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय और एक्सईएन राजीव कुमार राठी को निर्देश दिए कि वे कार्यों की दैनिक निगरानी करें। उन्होंने चेतावनी दी कि मशीनों की स्थापना और तकनीकी बाधाओं को दूर करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि तय समय सीमा के भीतर ट्रायल प्रक्रिया शुरू की जा सके।

नगर आयुक्त के अनुसार मुख्यमंत्री की ओर से पूर्व में दिए गए निर्देशों का संज्ञान लेते हुए निगम प्रशासन अब सितंबर माह से कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। दावा किया कि इस प्लांट के विधिवत संचालन से शहर में कचरा प्रबंधन की दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा। नगर निगम की प्राथमिकता है कि सीएम के दौरे से पहले प्लांट को ''वर्किंग मोड'' में लाया जाए ताकि शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को भी प्राप्त किया जा सके।

 

संबंधित समाचार