यूपी सरकार लगाएगी स्टंटबाजों पर लगाम: जनेश्वर मिश्र पार्क के आसपास बनेंगे 12 स्पीड ब्रेकर, हादसे के बाद जागी पुलिस
लखनऊ, अमृत विचार: जनेश्वर मिश्र पार्क से लेकर जी-20 रोड पर स्टंटबाजों व बाइकर्स की रफ्तार पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। दोनों के बीच में करीब एक दर्जन स्पीड ब्रेकर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह ब्रेकर 300 मीटर पर बनाया जाएगा। इसके लिए गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने कमिश्नरेट मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही एलडीए से पत्राचार कर निर्माण काम शुरू करा दिया जाएगा। वहीं सोमवार देर शाम तक पुलिस ने सात बाइकों को सीज किया और 65 चालान किए।
हादसे में रविवार को हुई स्टंट कर रहे बाइक सवार नैतिक की मौत और चार लोगों के घायल होने के बाद सोमवार को पुलिस दिन भर अलर्ट रही। जनेश्वर मिश्र पार्क चौकी गेट से लेकर जी-20 रोड तक लगातार पुलिस कर्मी गश्त करते रहे। दोपहर इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर कुमार अवस्थी ने बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ अभियान चलाया।
अभियान पार्क के पास से लेकर जी-20 चौराहे तक चला। दो पहिया वाहन पर बिना हेलमेट, ट्रिपलिंग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर लोगों को पकड़ा। देर शाम तक पुलिस ने रेसर बाइक समेत सात वाहनों को सीज किया। वहीं, 65 का चालान किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक दूसरे रास्तों पर निकले तो वहां भी पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई थी।
गलत दिशा से था स्कूटी चालक, नहीं मिली तहरीर
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी के मुताबिक अचानक पार्किंग से निकलकर रांग साइड स्कूटी सवार सामने आ गया। इस कारण हादसा हुआ। स्पोर्ट्स बाइक सवार नैतिक की तो रफ्तार ज्यादा थी ही पर हादसा गलत दिशा से स्कूटी सवार के कारण हुआ। अगर वह गलत दिशा से न होता तो शायद हादसा इतना भयावह नहीं होता। इंस्पेक्टर के मुताबिक अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
