Moradabad: पेंशन के लिए चक्कर काट रहे 12 हजार बुजुर्ग...इंतजार है कि खत्म नहीं होता

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र 12 हजार बुजुर्ग पिछले एक वर्ष से समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका इंतजार है कि खत्म ही नहीं होता। मंगलवार को समाज कल्याण विभाग में कई पेंशनर्स ने बताया वृद्धावस्था पेंशन के पिछले एक वर्ष से चक्कर काट रहे हैं। 

विभाग के वरिष्ठ सहायक रोहित ने बताया कि जिले में 69,882 वृद्ध पेंशन धारक है जिसमें से अब तक 57,757 लाभार्थियों को ही पेंशन मिल रही है जब कि 12,125 लाभार्थी ऐसे हैं, जो पिछले एक साल से वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन करने के बाद भी स्वीकृति और भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इनमें अधिकांश बुजुर्ग आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपने दैनिक खर्च के लिए इसी पेंशन पर निर्भर रहते हैं। 

पेंशन न मिलने के कारण कई बुजुर्गों को बार-बार समाज कल्याण विभाग के दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दूर-दराज से वृद्ध सुबह से ही विभाग के कार्यालय पहुंच जाते हैं और कर्मचारियों से पेंशन के बारे में जानकारी लेते हैं। लेकिन लंबे समय से एक ही सवाल का जवाब देते-देते अब कर्मचारियों के पास भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं बचा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन का कहना है कि जिला स्तर से सभी पात्र लाभार्थियों के प्रपत्र शासन को अग्रसारित कर दिए गए हैं। पेंशन की स्वीकृति और धनराशि जारी होने के बाद ही लाभार्थियों के खातों में शासन से सीधे भुगतान किया जाएगा। मामला शासन स्तर अटका है।

निवासी हरथला वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मैं पिछले आठ महीने से आ रहा हूं, पेंशन के बारे में यही जवाब मिलता है कि जल्द मिलेगी, लेकिन एक वर्ष से पेंशन नहीं मिली है। निवासी मझोला सुरेश कुमार के मुताबिक मेरे बेटे भी मेरे पास नहीं रहते, पेंशन के लिए औपचारिकता पूरी करने में बड़ी दिक्कतें आई, लेकिन एक वर्ष से अब तक पेंशन नहीं मिली। कई बार कागज अधूरे बताए गए, अब सरकार की ओर से देरी की वजह बताई जा रही है।

संबंधित समाचार