भीषण हादसा: बस-कार की जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौत, दो गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जलालाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बरेली डिपो की एक बस की सामने से आ रही आर्टिगा कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही अल्लाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उन्हें उपचार के लिए फर्रुखाबाद रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक हादसे में मृतकों की पहचान अरुण (30), ऋषभ (32) और संजय (34) के रूप में हुई है। सभी कार में सवार थे और लखीमपुर जिले के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं हादसे में अनिल पौद और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त कार आगरा नंबर की बताई जा रही है।

करीब एक घंटे तक हाईवे पर लगा जाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब साढ़े सात बजे बरेली डिपो की बस फर्रुखाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में सुगसुगी पुलिया के पास सामने से आ रही आर्टिगा कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद मार्ग को आंशिक रूप से चालू कराया जा सका।


संबंधित समाचार