यूपी के युवाओं का मजबूत आधार: 'मुख्यमंत्री युवा योजना' से महिला उद्यमिता की नई पहचान बनीं खुशी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' योजना युवाओं के लिए स्वरोजगार का मजबूत आधार बनती जा रही है। इस योजना के तहत मिलने वाले ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण से युवा न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ की रहने वाली खुशी गुप्ता महिला उद्यमिता की नई पहचान बनकर उभरी हैं। 

उन्होंने इस योजना का लाभ उठाकर अपने उद्यमी बनने के सपने को साकार किया और आज वे अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं। खुशी गुप्ता वर्तमान में बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ ही उनकी रुचि मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री में रही, जिसके लिए उन्होंने प्रोफेशनल कोर्स भी किया। इसी दौरान उन्हें 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' की जानकारी मिली। 

योजना के तहत उन्होंने बैंक से संपर्क किया और एक सप्ताह का उद्यमिता प्रशिक्षण प्राप्त किया। योजना के माध्यम से खुशी को 4.5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण मिला। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने अपने व्यवसाय की नींव रखी। वर्ष 2025 में लखनऊ के खुर्रम नगर क्षेत्र में 'ग्लैम हाउस' के नाम से यूनिसेक्स सैलून, स्टूडियो और एकेडमी की शुरुआत की। 

आज 'ग्लैम हाउस' के जरिए खुशी गुप्ता ने ब्यूटी बिजनेस में अपनी अलग पहचान बना ली है। वे हर महीने लाखों रुपये की आय अर्जित कर रही हैं और साथ ही अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। उनका यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। 

इससे प्रदेश में सूक्ष्म और लघु उद्यमों को बढ़ावा मिल रहा है और युवा तेजी से उद्यमिता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। खुशी गुप्ता की सफलता की कहानी यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलने पर युवा अपनी मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। उनकी यह उपलब्धि उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। 

ये भी पढ़ें  :
हिंदू नववर्ष पर RSS का विशेष कार्यक्रम: लखनऊ में 19 मार्च को सजेगा भव्य मंच, 100 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा को समर्पित  

संबंधित समाचार