बंगाल विधानसभा चुनाव : टीएमसी 291 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, ममता ने किया ऐलान, उम्मीदवारों की सूची जारी, देखें लिस्ट
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। तृणमूल प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि पार्टी राज्य की 294 सीट में से 291 सीट पर चुनाव लड़ेगी। कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में बनर्जी ने कहा कि दार्जिलिंग पहाड़ियों की शेष तीन सीट पर अनित थापा के नेतृत्व वाला भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) चुनाव लड़ेगा।
ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी। बनर्जी ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी के साथ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए कहा "हम 294 सीट में से 291 सीट पर चुनाव लड़ेंगे। शेष तीन सीट पर हमारे सहयोगी, अनित थापा के नेतृत्व वाला बीजीपीएम दार्जिलिंग पहाड़ियों में चुनाव लड़ेगा।"
https://twitter.com/AHindinews/status/2033862699919241268
ममता बनर्जी ने विश्वास जताया कि टीएमसी 2026 के विधानसभा चुनावों में आसानी से बहुमत हासिल करने के साथ सत्ता बरकरार रखेगी। उन्होंने दावा किया, "हम 2026 के विधानसभा चुनावों में 226 से अधिक सीट जीतेंगे।" मुख्यमंत्री ने उन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी आश्वस्त करने की कोशिश की, जिन्हें उम्मीदवारों की सूची में जगह नहीं मिल पाई है।
बनर्जी ने कहा कि ऐसे नेताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी की सीट में गिरावट आएगी। उन्होंने कहा, "इस चुनाव में भाजपा की सीट में कमी आएगी। उन्हें उनकी जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।"
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी के 291 उम्मीदवारों में से 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति और 47 अल्पसंख्यक हैं। टीएमसी ने कोलकाता पोर्ट से फरहाद हकीम, बेलेघाटा सीट से कुणाल घोष, हाबरा सीट से ज्योतिप्रियो मल्लिक को मैदान में उतारा है।
