सील गोदाम में मिला घरेलू सिलेंडरों का जखीरा : छापेमारी के दौरान मिले 44 सिलेंडर, गोदाम स्वामी के खिलाफ जांच
बाराबंकी, अमृत विचार : सोमवार को छापेमारी के दौरान सील किए गए गोदाम का शटर खुलवाए जाने अंदर घरेलू गैस सिलेंडरों का जखीरा मिला। यहां पर कुल 44 सिलेंडर रखे मिले जिनमें कुछ भरे हुए थे। गोदाम स्वामी के खिलाफ जांच की जा रही है। उधर स्कूल से सिलेंडर चोरी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताते चलें कि गैस की जारी किल्लत व उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी के बीच पूर्ति विभाग ने सोमवार को आवास विकास कालोनी में छापेमारी की तो यहां पर बंद मिला एक गोदाम सील कर दिया गया। इसी क्रम में मंगलवार को टीम ने सेंट्रल एकेडमी के सामने सील किया गया नरेंद्र वर्मा का गोदाम खुलवाया तो अंदर 44 घरेलू गैस सिलेंडर रखे मिले। इनमें पांच आंशिक भरे थे। इसी तरह तीन व्यवसायिक व एक छोटा सिलेंडर मिला। यह सारी सामग्री जब्त कर विभाग ने जांच शुरु कर दी है।
टीम में एआरओ आलोक मिश्र, नायब तहसीलदार राजीव वर्मा, एसआई इमरान मंजूर, अवधेश पांडेय मौजूद रहे। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों का एक ही स्थान पर पाया जाना कालाबाजारी की ओर इशारा करता है। जांच की जा रही है। इसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह भी बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए छह टीमें सक्रिय हैं।
एजेंसियों पर पुलिस व राजस्वकर्मी की मौजूदगी में गैस वितरण जारी है। उधर थाना दरियाबाद पुलिस ने ग्यास पुत्र मोहब्बत निवासी ग्राम सरायशाह व लवकुश वर्मा पुत्र रतीपाल निवासी ग्राम किला बेलहरी थाना दरियाबाद को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी का एक सिलेण्डर बरामद किया। इनके द्वारा सोमवार को थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सरायशाह आलम विद्यालय में सिलेंडर की चोरी की गई थी। ग्रामिणों ने ग्यास को मौके पर पकड़ लिया व अभियुक्त लवकुश मौके से सिलेण्डर लेकर भाग गया था, जो मंगलवार को पकड़ा गया।
ये भी पढ़ें :
राष्ट्रपति का अयोध्या दौरा: 18 घंटे बंद रहेगा हाईवे, कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा डायवर्जन
