राष्ट्रपति का अयोध्या दौरा: 18 घंटे बंद रहेगा हाईवे, कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा डायवर्जन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 19 मार्च के अयोध्या दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने अयोध्या जिले से जुड़ने वाले सभी राष्ट्रीय व प्रादेशिक राजमार्ग को 18 घंटे बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान भारी वाहन जैसे मालवाहक वाहन, ट्रक, ट्रैक्टर, डीसीएम आदि को अन्य मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। यह डायवर्जन 18 मार्च की रात 11 से 19 मार्च की शाम पांच बजे या कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा।

वहीं 19 मार्च की सुबह से रामपथ पर उदया चौराहे से लता चौक तक व धर्मपथ पर साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से लता चौक तक के मार्ग पर किसी प्रकार के वाहनों के चलने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही बाहरी वाहनों को भी अयोध्या धाम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं शहर के अंदर भी पूर्व में तय डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को पैदल ही राम मंदिर या अन्य स्थानों पर दर्शन पूजन के लिए जाना होगा। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एपी सिंह ने बताया कि यह प्रतिबंध आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा।

स्वागत में सजेगी राम नगरी, बनेंगे 20 सांस्कृतिक मंच

अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 19 मार्च के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन, संस्कृति विभाग और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से पूरे शहर को भव्य और सांस्कृतिक स्वरूप में सजाया जा रहा है। सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि संस्कृति विभाग के प्रयास से एयरपोर्ट से राम मंदिर गेट तक भव्य स्वागत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर की सड़कों पर करीब 20 सांस्कृतिक मंच सजाए जाएंगे, जहां लगभग ढाई सौ कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि इन मंचों पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकार रामायण आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

अयोध्या की परंपरागत संस्कृति को दर्शाने के लिए रामलीला अंश प्रस्तुति, अवधी लोकनृत्य, झांकी, ढोल-नगाड़ा, शंखनाद, वेदपाठ और भजन संकीर्तन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर मंच लगाए जाएंगे, जिनमें एयरपोर्ट रोड, नाका, देवकाली, चूड़ामणि चौराहा, निषाद राज चौराहे, बृहस्पति कुंड के पास और राम मंदिर गेट के निकट के क्षेत्र शामिल हैं। छोटे मंचों पर लगभग 7 कलाकारों की टीम प्रस्तुति देगी, जबकि बड़े मंचों पर करीब 15 कलाकारों की टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी।

हाइवे पर इस तरह रहेगा डायवर्जन

-सुल्तानुपर से आने वाले वाहनों को कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-रायबरेली से आने वाले वाहनों को हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

-आजमगढ़, अम्बेडकरनगर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ अम्बेडकरनगऱ से दोस्तपुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेही घाट से हैदरगढ़ से पूर्वाचल एक्प्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।

-जनपद बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज गोंडा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद गोंडा की ओर से नवाबगंज से आने वाले वाहनों को लकड़मंडी से लोलपुर से बस्ती की ओर भेजा जाएगा।

-जनपद गोरखपुर से वाहनों का डायवर्जन गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे होकर पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद गोरखपुर-संतकबीरनगर-बस्ती से आने वाले वाहनों को फुटहिया चौकी कोतवाली नगर बस्ती से कलवारी से टांडा, यहां से अकबरपुर से दोस्तपुर होते हुए से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-गोरखपुर की ओर से आने वाने वाहनों का संतकबीर नगर (खलीलाबाद), मंझरिया तिराहा से कटका से मैंनसिर से धनघटा होते हुए बिल्हरघाट फ्लाईओवर से अम्बेडकरनगर, दोस्तपुर से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-गोरखपुर, संतकबीरनगर, बांसी, मेंहदावल, डुमरियागंज, उतरौला, बलरामपुर, गोंडा से आने वाले वाहन जरवल रोड तिराहा से वापस आकर बहराइच की ओर जाकर टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग की ओर जाएंगे।

-जनपद बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

-जनपद कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज, चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को मोहान, जुनाबगंज, से मोहनलालगंज से गोसाईगंज से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद सीतापुर, शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग, नहरिया से शहीदपथ होते हुए अहीमामऊ से होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

साकेत महाविद्यालय व रामकथा पार्क स्थित हैलीपैड पर बना सेफ हाउस

-राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रपति की सुरक्षा से जुड़ी एजेंसियों व जिले के अधिकारियों ने सुरक्षा का फुल प्रूफ प्लान तैयार किया है। संभावना जताई जा रही है कि राष्ट्रपति एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरेंगी, फिर यहां से सेना के हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचेंगीं। अयोध्या में साकेत महाविद्यालय व रामकथा पार्क स्थित हैलीपैड पर सुरक्षा को लेकर सेफ हाउस बनाया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट से लखनऊ-अयोध्या-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए महोबरा चौराहे से अेढ़ी बाजार होते हुए राम मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग को भी रिजर्व में रखा गया है।

ये भी पढ़ें  :
यूपी में फर्जी ECHS कार्ड गिरोह का भंडाफोड़, मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कब्जाया मोबाइल फोन, आधार कार्ड 

संबंधित समाचार