'सरके चुनर' पर विवाद गहराया, NCW ने नोरा फतेही, संजय दत्त को जारी किया समन, सिंगर ने मांगी माफ़ी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने "सरके चुनर" गाने में अश्लीलता और अभद्रता को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त और अन्य को तलब किया है। एक बयान में आयोग ने कहा कि प्रथम दृष्टया सामग्री आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाली प्रतीत होती है। 

राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा, "आयोग ने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए, 'सरके चुनर तेरी सरके' गीत में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों वाली खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है।" एनसीडब्ल्यू ने कहा कि उसने गीतकार रकीब आलम, केवीएन ग्रुप के निर्माता वेंकट के नारायण और किरण कुमार को भी 24 मार्च को उसके समक्ष पेश होने के लिए तलब किया है। 

आयोग ने कहा कि उन्हें संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। इसमें कहा गया है, "पेश न होने पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है।" आगामी कन्नड़ फिल्म "केडी: द डेविल" का यह गाना इसी सप्ताह यूट्यूब पर रिलीज हुआ था और इसके कथित अश्लील बोल के कारण विवाद खड़ा हो गया। इसे बाद में यूट्यूब से हटा दिया गया। प्रेम द्वारा निर्देशित और ध्रुव सरजा अभिनीत यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज़ होगी। 

संजय दत्त के साथ डांस वीडियो में नजर आईं फतेही और गीतकार आलम, जिन्होंने मूल कन्नड़ गाने का हिंदी अनुवाद किया है, दोनों ने खुद को इस विवाद से अलग कर लिया है। फतेही ने कहा कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण तीन साल पहले रिकॉर्ड किया था, और जब उन्होंने हिंदी संस्करण सुना, तो उन्होंने निर्माताओं के समक्ष इसे उठाया था। आलम ने कहा कि उन्होंने भी निर्माताओं को चेतावनी दी थी कि हिंदी बोल अश्लील हैं। आलम ने बताया कि उन्हें कन्नड़ संस्करण का शब्दशः अनुवाद करने के लिए कहा गया था, और उन्होंने वैसा ही किया। कन्नड़ बोल फिल्म के निर्देशक प्रेम ने लिखे थे। 

'सरके चुनर' के गायक ने माफी मांगी, कहा: गाने के बोल बदले जाएंगे 

'सरके चुनर' गीत के कथित अश्लील बोलों को लेकर मचे बवाल के बाद इसकी गायिका मंगली ने माफी मांगते हुए कहा है कि किसी का भी इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। सोशल मीडिया मंच 'इंस्टाग्राम' पर कल रात तेलुगु लोक गायिका ने लिखा कि गाने के बोल बदले जाएंगे और जल्द ही दूसरा संस्करण जारी किया जाएगा। 

उन्होंने कहा, ''जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए, गाने को सभी मंचों से हटा दिया गया है। अनजाने में हुई इस गलती के लिए मैं आप सभी से दिल से माफी मांगती हूं। हमारा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और हमें इस चूक का बेहद अफसोस है।'' इस गाने का हिंदी संस्करण सप्ताह की शुरुआत में जारी किया गया था। 

इसके कथित अश्लील बोलों के कारण विवाद हो गया था। यह मामला संसद में भी उठाया गया जहां सरकार ने बताया कि गाने पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस गाने के डांस वीडियो में संजय दत्त के साथ नजर आने वाली अभिनेत्री नोरा फतेही और गीतकार रकीब आलम ने विवाद से खुद को अलग कर लिया है। 

फतेही ने कहा कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण तीन साल पहले रिकॉर्ड किया था और जब उन्होंने हिंदी संस्करण सुना, तो उन्होंने पहले ही निर्माताओं को इस मुद्दे से अवगत करा दिया था। आलम ने बताया कि उन्होंने भी फिल्म निर्माताओं को आगाह किया था कि हिंदी गीत अश्लील हैं। आलम ने कहा कि उन्हें कन्नड़ संस्करण का शाब्दिक अनुवाद करने के लिए कहा गया था और उन्होंने वही किया। कन्नड़ गीत फिल्म के निर्देशक प्रेम ने लिखे थे। 

संबंधित समाचार