Uttrakhand: घर-घर तक पहुंचने से पहले सिलेंडर गाड़ी हो रही खाली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ईधन गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते लोगों का परेशान होना जारी है। प्रशासन ने एलान किया था कि गैस एजेंसी और गोदाम से सिलेंडर नहीं मिलेगा और लोगों को पहले की तरह घर पर ही सिलेंडर मिलेगा। हालांकि ग्राहकों ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया है कि सिलेंडर बुक किए कई दिन बीतने के बाद भी सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं हुई है और न ही एजेंसी और गोदाम से सिलेंडर मिल रहा है। इधर जब गैस एजेंसी से बात की तो पता चला कि गाड़ियां भेजी जा रहीं हैं लेकिन रास्ते में ही लोग सिलेंडर भरवा ले रहे हैं।

डहरिया निवासी रूपा बिष्ट ने बताया कि उन्होंने गैस सिलेंडर बुक कराया था लेकिन जिस दिन गैस सिलेंडर की गाड़ी वाले का आने का दिन होता है उस दिन उसने अपना फोन ही बंद कर लिया है। अब वह गैस सिलेंडर भरवाने के लिए परेशान हैं। आनंदपुर गांव निवासी गौरव त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने इंडने कंपनी का सिलेंडर बुक कराया था लेकिन चार दिन होने के बाद भी डिलीवरी नहीं हुई है। इधर रामपुर रोड निवासी रचना का भी कहना है कि पांच दिन होने के बाद भी सिलेंडर डिलीवरी नहीं हुई है।

 यही हाल कई लोगों का है। लोगों का कहना है कि किसी तरह से उन्होंने सिलेंडर बुक करा लिया है लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं होने से परेशानी बढ़ती जा रही है। इधर गैस एजेंसी संचालकों ने भी अपना पक्ष रखा है। इंडेन गैस एजेंसी शीशमहल के प्रबंधक गणेश सिंह नेगी ने बताया कि हर क्षेत्र में गैस सिलेंडर की गाड़ियां भेजी जा रहीं हैं लेकिन दिक्कत यह है कि गाड़ियों को लोग रास्ते में ही रोक रहे हैं। इस वजह से डोर टू डोर सिलेंडर पहुंचाने में दिक्कत आ रही है पहले ऐसा नहीं होता था। पहले लोग रास्ते में गाड़ियों को नहीं रोकते थे।

इंडक्शन की डिलीवरी ऑर्डर के बाद हो रही कैंसिल
हल्द्वानी : इंडक्शन चूल्हा की मांग बढ़ी है लेकिन ऑनलाइन प्लेटफार्म से भी इसकी डिलीवरी नहीं हो पा रही है। ग्राहक इंडक्शन चूल्हा बुक करा रहे हैं लेकिन बीच में ही डिलीवरी रद्द हो रही है। ज्यादातर ऑनलाइन प्लेटफार्म पर अच्छी कंपनी के इंडक्शन चूल्हा मिलना ही मुश्किल हो गया है। बाजार में भी पुराना स्टॉक खत्म हो गया है और नया स्टॉक देरी से आ रहा है। इससे भी लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

संबंधित समाचार