सोशल मीडिया क्रिएटर्स से मिले अखिलेश यादव, सकारात्मक कंटेंट पर दिया जोर, जानें क्या कहा...
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया कंटेंट को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए इन्फ्लुएंसर्स से सकारात्मक संदेश देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किया जाने वाला हर पोस्ट केवल व्यक्तिगत अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक जिम्मेदारी भी है।
गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स को उनके कंटेंट को लेकर सुझाव भी दिए। बैठक के बाद सोशल मीडिया के जरिये अखिलेश यादव ने कहा कि एक इन्फ्लुएंसर के रूप में यह दायित्व बनता है कि वह समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करे। सकारात्मक सोच और संदेश न केवल समाज को बेहतर बनाते हैं, बल्कि इससे जुड़ने वाली ऑडियंस भी अधिक भरोसेमंद और स्थायी होती है।
उन्होंने कहा कि नकारात्मक कंटेंट से लोग जल्दी ऊब जाते हैं, क्योंकि कोई भी लंबे समय तक नकारात्मक माहौल में रहना पसंद नहीं करता। अखिलेश यादव ने कहा कि जल्द ही लखनऊ स्थित मुख्यालय में सभी सकारात्मक सोच रखने वाले सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स से मुलाकात करेंगे। इसके लिए पूर्व सूचना दी जाएगी, ताकि सभी लोग अपनी सुविधा के अनुसार शामिल हो सकें।
