बाराबंकी : चोरी रोकने के लिए हो नियमित छापेमारी, शिकायतों का हो निस्तारण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति ने दिए निर्देश

बाराबंकी, अमृत विचार। विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के प्रस्तावित अध्ययन भ्रमण के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, लाइन लॉस, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और विद्युत चोरी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं सदस्य विधान परिषद अंगद कुमार सिंह ने की। बैठक में समिति के सदस्य अनूप गुप्ता, पवन सिंह चौहान, मानवेंद्र सिंह, उमेश द्विवेदी, इं. अवनीश सिंह पटेल मौजूद रहे। बैठक में पूर्व निर्धारित 31 बिंदुओं पर समीक्षा की गई और अधिकारियों व अभियंताओं से बिंदुवार आख्या ली गई। समिति ने जिले में वास्तविक विद्युत आपूर्ति की स्थिति, फीडरवार आंकड़े और आगामी अप्रैल, मई व जून में बिजली आपूर्ति की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ट्रांसफार्मरों की स्थिति, मीटरयुक्त फीडरों की संख्या, लाइन लॉस, विद्युत चोरी व अनियमितताओं को रोकने के लिए विजिलेंस टीम की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिया कि बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित छापेमारी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही समिति ने स्कूलों के ऊपर से जाने वाले हाई टेंशन तारों का शत-प्रतिशत विस्थापन सुनिश्चित करने और विद्यालयों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लंबित कनेक्शनों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया। जनता से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित अधिकारी नियमित अनुश्रवण कर विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करेंगे। विद्युत अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई करने, जुर्माना और दंडात्मक प्रावधान लागू करने पर भी समिति ने जोर दिया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने समिति के सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्त की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत राजबाला, अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार