सुलतानपुर न्यूज : तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत, एक अन्य गंभीर
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर नोनरा गांव में तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई तथा एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर नोनरा गांव के तीन बच्चे रत्नेश, कुंदन और अमन दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच गांव में बने आरोग्य मंदिर के पीछे स्थित तालाब पर भैंस चराने गए थे।
इसी दौरान रत्नेश और कुंदन तालाब में नहाने उतर गए। तालाब गहरा होने के कारण दोनों बच्चे डूबने लगे। उन्हें डूबता देख अमन ने शोर मचाया और बचाने के लिए तालाब में कूद गया। अमन के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने रत्नेश और कुंदन को तालाब से बाहर निकाला।
ग्राम प्रधान अशोक तिवारी के निजी वाहन से उन्हें कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रत्नेश (14) व कुंदन (18) को मृत घोषित कर दिया। अमन को गंभीर हालत में सूरापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। तीनों बच्चों के पिता मजदूरी और किसानी का काम करते हैं।
