सहारनपुर : मुठभेड़ में एक लाख का इनामी गोकश शहजाद ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये का इनामी गोकश मारा गया, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी शहजाद (41) लंबे समय से गोकशी और पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्त था तथा उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह फरवरी से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 44 मुकदमे दर्ज थे। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि मिर्जापुर व फतेहपुर थाना पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिलने पर गांव शेरपुर पैलो के पास घेराबंदी की गई। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी और उसके साथी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

मुठभेड़ के दौरान सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप भी गोली लगने से घायल हो गए। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद हुई है, जबकि आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मुठभेड़ की सूचना पर डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी अभिनंदन सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल लिया। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।  

संबंधित समाचार