गैस संकट: 23 हजार सिलेंडरों की मांग एक दिन में 64 हजार पार
अफवाहों के चलते ज्यादा बुकिंग की आशंका
बरेली, अमृत विचार। ईरान-इजराइल युद्ध के की वजह से गैस आपूर्ति समस्या बढ़ रही है। आईओसी और जिला प्रशासन बरेली में पर्याप्त मात्रा में गैस भंडारण का दावा कर रहे हैं लेकिन लोग अफवाहों के चक्कर में ज्यादा से ज्यादा सिलेंडर लेने की होड़ में लगे हैं। कई तरह की शंका-आशंका के बीच बरेली में 23 हजार प्रतिदिन बुक होने वाले सिलेंडरों की मांग एकाएक दोगुनी से ज्यादा पहुंच गयी। आईओसी अफसरों ने डीएम को बताया है कि आम दिनों में रोज 23 हजार सिलेंडरों की बुकिंग रहती थी, लेकिन अब एक दिन में 64 हजार सिलेंडर बुक हुए हैं।
आशंका जताई जा रही है कि लोग घर में भरा सिलेंडर रखे होने के बावजूद दूसरा या तीसरा सिलेंडर बुक करा रहे हैं। आईओसी अधिकारियों से जानकारी मिलने के बाद डीएम अविनाश सिंह ने निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट हिदायत दी है कि गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने फिर साफ किया है कि जिले में गैस का संकट नहीं है। बेवजह कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं। डीएम ने आईओसी के अधिकारियों को गैस बुकिंग के सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि उपभोक्ताओं को गैस बुक होने के साथ जल्द सिलेंडर मिल सके।
वहीं, एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कलेक्ट्रेट सभागार में आईओसी, जिला पूर्ति कार्यालय के अधिकारियों की मौजूदगी में होटल संचालकों के साथ बैठक की। होटल संचालकों से कहा गया कि व्यावसायिक सिलेंडर की डिलीवरी पर रोक जारी रहेगी। होटल संचालकों ने व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिलने पर होटल कारोबार प्रभावित होने की बात कही।
