टीईटी-2026 में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को लेकर आयोग और एसबीआई के बीच हुआ एमओयू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (टीईटी-2026) को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया। यह समझौता आयोग के एलनगंज स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संपन्न हुआ। इस समझौते के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आयोग को उन्नत डिजिटल भुगतान समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। 

बैंक के "ई-पे" गेटवे को सफलतापूर्वक एकीकृत किया गया है, जिसके माध्यम से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 के अभ्यर्थियों के पंजीकरण शुल्क का भुगतान अब अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक तरीके से किया जा सकेगा। विशेष बात यह है कि यह सेवा अभ्यर्थियों के लिए पूर्णतः निशुल्क होगी। 

समारोह में आयोग के सचिव मनोज कुमार और बैंक की ओर से उपमहाप्रबंधक पवन कुमार अरोरा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार और बैंक के मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार डे (लखनऊ सर्किल) ने औपचारिक रूप से एमओयू का आदान-प्रदान किया। 

इस अवसर पर महाप्रबंधक राजीव कुमार, सहायक महाप्रबंधक स्वदेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एमओयू के समन्वय में मुख्य प्रबंधक गरिमा श्रीवास्तव और शाखा प्रबंधक राजेश कुमार साहू (कर्नलगंज) की अहम भूमिका रही। 

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने कहा कि यह पहल अभ्यर्थियों को पारदर्शी और सुरक्षित भुगतान प्रणाली उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आवेदन प्रक्रिया सरल होगी और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा।

संबंधित समाचार