खबर का असर : केजीएमयू में दलालों पर बड़ी कार्रवाई, लारी कार्डियोलॉजी में छापा, एक दबोचा गया,तीन फरार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के लारी कार्डियोलॉजी विभाग के बाहर गुरुवार को दलालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। अमृत विचार में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने मौके पर छापा मारकर एक दलाल को पकड़ लिया, जबकि तीन मौके से फरार हो गए।

WhatsApp Image 2026-03-19 at 8.53.48 PM (1)
आरोपित युवक

 

दोपहर करीब 12 बजे लारी ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ के बीच कुछ संदिग्ध युवक घूमते नजर आए। ये दलाल मरीजों और तीमारदारों को सस्ती दवा दिलाने और निजी अस्पतालों में कम खर्च में बेहतर इलाज का झांसा दे रहे थे। सूचना मिलते ही पैरामेडिकल संकाय के डीन व प्रवक्ता डॉ. केके सिंह और डॉ. भास्कर अग्रवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों को देखते ही चारों संदिग्ध युवक भागने लगे। इस पर डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों ने उनको दौड़ा लिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। एक युवक को दबोच लिया गया, जबकि तीन भागने में सफल रहे।

पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पूछताछ में उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह सिर्फ वहां खड़ा था और उसका किसी दवा या अस्पताल से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले भी इसी युवक को इसी तरह के मामले में पकड़ा जा चुका है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से परिसर में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि दलालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि मरीजों को किसी तरह की ठगी से बचाया जा सके।

इस खबर का हुआ असर

WhatsApp Image 2026-03-19 at 8.53.49 PM

 

संबंधित समाचार