आईआईटी कानपुर व मध्य कमान के बीच एमओयू, निर्माण प्रबंधन में क्षमता निर्माण को बढ़ावा
कानपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने निर्माण प्रबंधन में क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य अभियंता, सेंट्रल कमांड मुख्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस समझौते का उद्देश्य सेंट्रल कमांड के अधिकारियों की तकनीकी एवं प्रबंधकीय क्षमताओं को सुदृढ़ करना है। यह पहल भारतीय सेना की संस्थागत विकास में शैक्षणिक विशेषज्ञता के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
एमओयू के तहत "निर्माण प्रबंधन: गुणवत्ता, अनुबंध और मध्यस्थता" शीर्षक से एक विशेषीकृत प्रशिक्षण कार्यक्रम इस माह के अंत में प्रारंभ किया जाएगा। इस पाठ्यक्रम में गुणवत्ता, आश्वासन, आधुनिक अनुबंध प्रबंधन और प्रभावी विवाद समाधान तंत्र पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान के अनुसार यह सहयोग अधिकारियों को समकालीन कार्यप्रणालियों, सर्वोत्तम प्रथाओं और शैक्षणिक अनुभव से जोड़ते हुए परिचालन अवसंरचना परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायक होगा।
बढ़ती परियोजना जटिलताओं और पारदर्शिता व जवाबदेही की आवश्यकता को देखते हुए यह कार्यक्रम विशेष रूप से उपयोगी रहेगा। इस पहल से निर्माण प्रबंधन में तकनीकी दक्षता बढ़ने, अनुबंध प्रशासन एवं मध्यस्थता क्षमताओं के सुदृढ़ होने तथा परियोजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन में सुधार की अपेक्षा जताई गई है।
