रायबरेली जिला न्यायालय में 76 पदों पर पुनर्नियुक्ति के लिये 31 मार्च तक आवेदन
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला न्यायालय में समूह 'ग' के 76 पदों पर पुनर्नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। न्यायालय सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में रिक्त पदों पर पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुनः नियुक्त किया जाएगा।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश के न्यायालयों से सेवानिवृत्त अथवा 30 जून 2026 तक लिपिकीय संवर्ग से सेवानिवृत्त होने वाले ऐसे कर्मचारी, जिनकी आयु 65 वर्ष से कम है, आवेदन के पात्र हैं। नियुक्ति एक वर्ष अथवा नियमित भर्ती/पदोन्नति से पद भरने या 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक (जो पहले हो) के आधार पर की जाएगी।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में आयु प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र एवं सेवा संबंधी अभिलेखों के साथ 31 मार्च सायं पांच बजे तक मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थियों को 9 अप्रैल को प्रातः 10 बजे प्रशासनिक कार्यालय में उपस्थित होना होगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। वेतन के संबंध में बताया गया है कि अंतिम आहरित वेतन (भत्तों को छोड़कर) में से पेंशन घटाकर मानदेय दिया जाएगा, जबकि अन्य भत्ते शासन के प्रचलित नियमों के अनुसार देय होंगे।
